Reporter : कुलदीप सैनी
Ambala Police Attack : डीजीपी अजय सिंघल ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल
Ambala Police Attack : अंबाला कैंट में हाईवे जाम खुलवाने के दौरान पुलिस टीम पर हुए हमले में करीब 6-7 पुलिसकर्मी घायल हो गए। घटना के बाद हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने 13 अगस्त को मिलिट्री हॉस्पिटल और नागरिक अस्पताल पहुंचकर घायल पुलिसकर्मियों से मुलाकात की। उन्होंने चिकित्सकों से जवानों के स्वास्थ्य और उपचार की जानकारी ली और पुलिसकर्मियों का हौसला बढ़ाया।
डीजीपी अजय सिंघल ने घायल जवानों के जल्द और पूर्ण स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि हरियाणा पुलिस अपने जवानों के साथ मजबूती से खड़ी है। ड्यूटी के दौरान घायल हुए पुलिसकर्मियों के साहस, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण की भी उन्होंने सराहना की।

Ambala Police Attack : हाईवे खाली करवाने के दौरान पुलिस पर हमला
जानकारी के अनुसार अंबाला कैंट में हाईवे पर जाम की स्थिति को समाप्त कर यातायात सुचारू कराने के लिए पुलिस टीम कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया गया, जिसमें कई जवान घायल हुए। पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
घायल पुलिसकर्मियों में डीएसपी वीरेंद्र शर्मा भी शामिल हैं, जिनके अंगूठे में गंभीर चोट बताई गई है। इसके अलावा सिपाही रक्षित, नवीन कुमार, हेड कांस्टेबल संदीप कुमार, सहायक उप निरीक्षक सतीश तथा एएसआई पंकज घायल हुए हैं। एएसआई पंकज की उंगलियों में चोट आने की जानकारी सामने आई है। इनके अलावा कुछ अन्य पुलिसकर्मियों के घायल होने की भी सूचना है।
Ambala Police Attack : कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता
डीजीपी अजय सिंघल ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। पुलिसकर्मी पूरी निष्ठा और साहस के साथ अपनी ड्यूटी निभा रहे हैं। उन्होंने आमजन से अपील की कि अपनी बात शांतिपूर्ण तरीके से रखें और किसी भी स्थिति में कानून को हाथ में न लें।
उन्होंने लोगों से सार्वजनिक मार्गों को बाधित करने से बचने की अपील भी की, ताकि आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी न हो और कानून-व्यवस्था की स्थिति बनी रहे।
Ambala Police Attack : अधिकारियों ने भी घायल जवानों का बढ़ाया हौसला
घायल पुलिसकर्मियों से मुलाकात के दौरान पुलिस महानिरीक्षक पंकज नैन, उपायुक्त सचिन गुप्ता और एसडीएम कनिका गोयल भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने अस्पताल में उपचार संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली और घायल पुलिसकर्मियों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
फिलहाल पुलिस की ओर से घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है। हाईवे पर स्थिति को सामान्य बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

