The Filmy Hustle Exclusive: किम शर्मा ने इंफ्लूएंसर्स को बताया स्टार्स से बेहतर, जानिए क्यों

- Advertisement -
Swadesh NewsAd image

BY: Yoganand Shrivastva

नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेत्री और धर्मा कॉर्नरस्टोन एजेंसी (DCA) की वाइस प्रेसिडेंट किम शर्मा ने ‘द फिल्मी हसल’ पॉडकास्ट में अक्षय राठी से खास बातचीत में फिल्म कलाकारों और सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर्स के बीच के फर्क, डिजिटल युग के प्रभाव और बदलते टैलेंट मैनेजमेंट के बारे में खुलकर बात की।

पर्दे से दूर, लेकिन फिल्मी दुनिया से जुड़ीं किम

साल 2000 में ‘मोहब्बतें’ फिल्म से डेब्यू करने वाली किम शर्मा अब फिल्मों से भले ही दूर हों, लेकिन फिल्म इंडस्ट्री में उनकी सक्रिय भूमिका अब भी बनी हुई है। वे करण जौहर और बंटी सजदेह द्वारा संचालित टैलेंट मैनेजमेंट एजेंसी DCA में वाइस प्रेसिडेंट के पद पर हैं। यहां वे अनन्या पांडे से लेकर ओरहान अवत्रामणि जैसे चेहरों को लोकप्रिय बनाने में अहम भूमिका निभा चुकी हैं।

किम को क्यों पसंद हैं इंफ्लूएंसर्स?

पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान किम ने बताया कि वह आज के समय में इंफ्लूएंसर्स को पारंपरिक फिल्म सितारों से ज्यादा प्रभावशाली मानती हैं। उन्होंने कहा कि इंफ्लूएंसर्स पहले से ही कंटेंट निर्माण, प्रस्तुति और दर्शकों से जुड़ाव में निपुण होते हैं। उनके अनुसार, “स्टार्स को खुद को पेश करने के लिए एक पूरी टीम की ज़रूरत होती है—डायरेक्टर, प्रोड्यूसर, स्क्रिप्ट, डीओपी और सेट… जबकि इंफ्लूएंसर्स अपने दम पर यह सब कर सकते हैं। यही उन्हें खास बनाता है।”

करण जौहर की सोच को बताया दूरदर्शी

किम ने बताया कि DCA में डिजिटल टैलेंट को शामिल करने का फैसला करण जौहर का था। उनके मुताबिक करण जौहर ने समय रहते यह पहचान लिया था कि भविष्य का टैलेंट सिर्फ फिल्मी सितारे नहीं, बल्कि डिजिटल स्पेस से उभरने वाले कंटेंट क्रिएटर्स भी होंगे।

उन्होंने कहा, “करण हमेशा से ट्रेंड्स को पहले भांप लेते हैं। उनका मानना था कि हमें सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर उभर रहे टैलेंट को अपनाना चाहिए और हमने वही किया।”

पहले और अब के समय में ज़मीन-आसमान का फर्क

अपने शुरुआती करियर की तुलना वर्तमान समय से करते हुए किम ने कहा कि जब उन्होंने फिल्मी दुनिया में कदम रखा था, तब सोशल मीडिया जैसी कोई चीज नहीं थी। उस दौर में प्राइवेसी बनी रहती थी और जिंदगी कम जटिल थी। लेकिन अब सोशल मीडिया के कारण फैंस को सेलेब्स की निजी जिंदगी तक की जानकारी होती है।

उनके अनुसार, “पहले की तुलना में अब स्टार्स दर्शकों से ज्यादा जुड़े हुए हैं। अब लोग उन्हें ऑनस्क्रीन और ऑफस्क्रीन दोनों रूपों में देख सकते हैं—मेकअप में भी और बिना मेकअप के भी। यह जुड़ाव ब्रांड्स के लिए एक नया अवसर बन चुका है।”

दर्शकों से सीधे जुड़ाव का दौर

किम शर्मा का मानना है कि आज के समय में दर्शक खुद को सेलिब्रिटीज से कहीं अधिक जुड़ा हुआ महसूस करते हैं। यही कारण है कि ब्रांड्स भी इंफ्लूएंसर्स को प्राथमिकता दे रहे हैं, क्योंकि वे आम जनता के ज्यादा करीब नजर आते हैं।