राजधानी रायपुर में बीते दिन आए तेज आंधी-तूफान के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। शुक्रवार सुबह कलेक्टर और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने शहर के विभिन्न तूफान प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त भी सड़कों पर नजर आए और राहत कार्यों की निगरानी की। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद कर्मचारियों को जल्द से जल्द क्षतिग्रस्त ढांचों की मरम्मत, सड़कों से गिरे पेड़ों को हटाने तथा बिजली आपूर्ति बहाल करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और त्वरित समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी तत्परता के साथ राहत कार्यों में जुटा हुआ है और किसी भी नागरिक को परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
इस मौके पर छत्तीसगढ़ स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड (CSEB) के अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे, जिन्होंने प्रभावित इलाकों में बिजली व्यवस्था सुधारने के लिए कार्य शुरू कर दिया है।
प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे राहत कार्यों की सक्रियता से नागरिकों में विश्वास देखने को मिला। नगर निगम और अन्य विभागों को निर्देशित किया गया है कि सभी प्रभावित क्षेत्रों में तेजी से काम कर सामान्य स्थिति बहाल की जाए।




