by; vijay yadav
WhatsApp Wedding : शादी के सीजन में WhatsApp पर भेजे जा रहे डिजिटल निमंत्रण कार्ड साइबर ठगी का नया जरिया बन रहे हैं। गुजरात में एक व्यक्ति को शादी का कार्ड डाउनलोड करना महंगा पड़ गया। संदिग्ध फाइल खोलने के बाद उसका मोबाइल साइबर अपराधियों के निशाने पर आ गया और बैंक खाते से करीब 10 लाख रुपये निकाल लिए गए।
पुलिस जांच में सामने आया कि पीड़ित को WhatsApp पर शादी के निमंत्रण के नाम से एक APK फाइल भेजी गई थी। इसे डाउनलोड करने के बाद उसके बैंक खाते से 10.02 लाख रुपये की रकम निकल गई।
WhatsApp Wedding : बिजनौर से आरोपी गिरफ्तार
सूरत सिटी पुलिस की साइबर क्राइम ब्रांच ने मामले की जांच करते हुए उत्तर प्रदेश के बिजनौर निवासी 28 वर्षीय देवेंद्र मलिक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी साइबर ठगों को अपना बैंक खाता इस्तेमाल करने देता था और ठगी की रकम को आगे पहुंचाने में मदद करता था।
WhatsApp Wedding : ठगी की रकम में मिलता था कमीशन
जांच एजेंसियों के अनुसार, आरोपी के बैंक खाते में साइबर ठगी से प्राप्त रकम जमा होती थी। इसके बाद वह रकम निकालकर ठगों तक पहुंचाता था। इस काम के बदले उसे 20 प्रतिशत कमीशन मिलने का आरोप है, जबकि बाकी 80 प्रतिशत रकम वह साइबर अपराधियों को दे देता था।
आरोपी की शैक्षणिक योग्यता नौवीं कक्षा तक बताई गई है। वह नौकरी भी करता था। पुलिस ने उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की आगे जांच जारी है।
WhatsApp Wedding : शादी के कार्ड के नाम पर APK फाइल से रहें सावधान
साइबर पुलिस ने लोगों को WhatsApp या अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर आने वाली अनजान APK फाइलों से सतर्क रहने की सलाह दी है। शादी के निमंत्रण, बैंक अलर्ट, चालान, सरकारी योजना या अन्य जरूरी सूचना के नाम पर भेजी गई संदिग्ध फाइलों को डाउनलोड करने से बचें।
अगर साइबर धोखाधड़ी का शिकार हो जाएं, तो तुरंत बैंक को सूचित करें और साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। साइबर अपराध की शिकायत आधिकारिक पोर्टल cybercrime.gov.in पर भी की जा सकती है।
ये भी जानो : Shree Ram Rasoi : दिल्ली में सिर्फ ₹1 में भरपेट भोजन, श्रीराम रसोई में मिलती है शाकाहारी थाली


