रिपोर्ट- हिमांशु पटेल
Tribal Protest : रायपुर, छत्तीसगढ़ में आदिवासी आंदोलन के ऐलान साथ ही प्रदेश की सियासत गरमा उठी है..17 सूत्रीय मांगों को लेकर सर्व आदिवासी समाज तीन चरणों में आंदोलन और 15 दिसंबर को विधानसभा घेराव की तैयारी में है..सर्व आदिवासी समाज ने साय सरकार के खिलाफ आर-पार की लड़ाई का बिगुल फूंक दिया है…1 दिसंबर से प्रदेशव्यापी विरोध की शुरुआत होगी. तो 15 दिसंबर को राजधानी रायपुर में विधानसभा का घेराव किया जाएगा.समाज की मांगों में जल, जंगल, जमीन से लेकर वन अधिकार, पेसा कानून, आरक्षण, विस्थापित परिवारों की वापसी और आदिवासी अस्मिता से जुड़े मुद्दे शामिल हैं.. इस आंदोलन के ऐलान के साथ ही सियासत भी तेज हो गई है…
Tribal Protest : आदिवासी अस्मिता पर सियासत क्यों ?
कांग्रेस ने सरकार को आदिवासी विरोधी बताते हुए हमला बोला है… तो बीजेपी ने कांग्रेस पर आदिवासी मुद्दों पर राजनीति करने का आरोप लगाया है..आरोप-प्रत्यारोप की इस राजनीति के बीच बड़ा सवाल है कि आखिर आदिवासी समाज को सड़क पर उतरने की जरूरत क्यों पड़ी? क्या 17 सूत्रीय मांगों पर सरकार गंभीरता से विचार करेगी? क्या 15 दिसंबर से पहले बातचीत से समाधान निकल पाएगा? ये आदिवासी अधिकारों की लड़ाई… या छत्तीसगढ़ में नया सियासी संग्राम? इसी पर हम चर्चा को आगे बढ़ाएंगे लेकिन इससे पहले देखिए हमारी ये खास रिपोर्ट।
Tribal Protest : आंदोलन के पीछे ठोस मुद्दे या राजनीति?
छत्तीसगढ़ में आदिवासी समाज ने अपनी मांगों को लेकर अब आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है… सर्व आदिवासी समाज ने 17 सूत्रीय मांगों को लेकर साय सरकार के खिलाफ तीन चरणों में आंदोलन की रणनीति तैयार की है..24 नवंबर को रायपुर में हुई प्रदेश स्तरीय बैठक और जगदलपुर में हुई बस्तर संभाग की बैठक में आंदोलन की रूपरेखा तय की गई. समाज का कहना है कि कई बार ज्ञापन देने और मांगें उठाने के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई… लिहाजा अब सड़क पर उतरकर सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाई जाएगी
Tribal Protest : चरणबद्ध आंदोलन का ऐलान
1 दिसंबर को विधायकों के कार्यालयों के सामने नगाड़ा बजाकर विरोध
9 और 10 दिसंबर को मुख्यमंत्री, मंत्री और विधायकों का पुतला दहन
15 दिसंबर को किया जाएगा राजधानी रायपुर में विधानसभा का घेराव
समाज की 17 सूत्रीय मांगे है. जिनमें जमीन से जुड़े अधिकारों के साथ सांस्कृतिक पहचान के मुद्दे भी शामिल हैं
Tribal Protest : ये हैं प्रमुख मांग
- जमीन और वन अधिकार
- डिजिटल रजिस्ट्री पर रोक
- सलवा जुडूम के दौरान विस्थापित परिवारों की वापसी
- बंद पड़े स्कूलों को दोबारा शुरू हों
- जेलों में बंद निर्दोष आदिवासी ग्रामीणों की रिहाई
- पेसा कानून का प्रभावी क्रियान्वयन
- आरक्षण और फर्जी जाति प्रमाणपत्रों की जांच
- जनगणना में आदिवासी धर्म के लिए अलग कॉलम
सर्व आदिवासी समाज का कहना है कि ये मांगें आदिवासी समाज के हक के साथ अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान का भी सवाल हैं और इन्हें पूरा कराकर ही वो दम लेंगे.
आदिवासी समाज के आंदोलन को कांग्रेस ने साय सरकार के खिलाफ बड़ा मुद्दा बना लिया है.कांग्रेस ने सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया है कि आदिवासी समाज को अपनी जायज मांगों के लिए आंदोलन करने को मजबूर होना पड़ रहा है.कांग्रेस का कहना है कि बीजेपी सरकार में आदिवासियों के जल, जंगल, जमीन और संवैधानिक अधिकारों की अनदेखी हो रही है।
कांग्रेस के आरोपों पर बीजेपी ने भी पलटवार किया है..बीजेपी का कहना है कि आदिवासी समाज का सम्मान, सुरक्षा और विकास विष्णुदेव साय सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है.पार्टी का दावा है कि सरकार आदिवासियों को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और उनके अधिकारों से जोड़ने के लिए लगातार काम कर रही है..बीजेपी ने कांग्रेस पर आदिवासी समाज के मुद्दों को राजनीतिक फायदे के लिए इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। पार्टी का कहना है कि कांग्रेस को सवाल उठाने से पहले अपने कार्यकाल का हिसाब देना चाहिए।
कुल मिलाकर छत्तीसगढ़ में आदिवासी समाज के आंदोलन ने सत्ता और विपक्ष के बीच सियासी संघर्ष का नया मोर्चा खोल दिया है..17 मांगों के साथ आदिवासी समाज सरकार को चुनौती देने की तैयारी में है… कांग्रेस इसे सरकार की विफलता बता रही है… तो बीजेपी विपक्ष की राजनीति पर सवाल उठा रही है.लेकिन इन राजनीतिक आरोपों के बीच सबसे बड़ा सवाल आदिवासी समाज की मांगों का है..क्या सरकार आंदोलन से पहले बातचीत का रास्ता निकालेगी? क्या 17 सूत्रीय मांगों पर कोई ठोस पहल होगी? या फिर 15 दिसंबर को विधानसभा घेराव के साथ आंदोलन और तेज होगा?फिलहाल निगाहें सरकार के रुख और आदिवासी समाज के अगले कदम पर हैं.
ये भी जानिए : PDA Manifesto : अखिलेश का दांव, कितना बदलेगा चुनाव, प्रणपत्र को BJP ने बताया ढकोसला पत्र


