Pakistani Content Ban : पहलगाम आतंकी हमले के बाद जारी एडवाइजरी का पालन करने को कहा
by: vijay yadav
Pakistani Content Ban : नई दिल्ली, केंद्र सरकार ने नेटफ्लिक्स को भारत में पाकिस्तानी कंटेंट स्ट्रीम नहीं करने के निर्देश दिए हैं। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने कंपनी को पिछले साल पहलगाम आतंकी हमले के बाद जारी एडवाइजरी का पालन करने को कहा है। यह कदम नेटफ्लिक्स की पाकिस्तानी वेबसीरीज ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ की भारत में संभावित रिलीज को लेकर मिल रही शिकायतों के बाद उठाया गया है।
समाचार एजेंसी PTI के मुताबिक, मंत्रालय को इस सीरीज के भारत में प्रसारित होने की आशंका को लेकर कई शिकायतें मिली थीं। इसके बाद नेटफ्लिक्स को 8 मई 2025 की एडवाइजरी के प्रावधानों का पालन करने के लिए कहा गया।

Pakistani Content Ban : पहलगाम हमले के बाद पाकिस्तानी कंटेंट पर प्रतिबंध
पहलगाम आतंकी हमले के बाद केंद्र सरकार ने पाकिस्तानी कंटेंट को लेकर एडवाइजरी जारी की थी। इसमें पाकिस्तान में निर्मित कंटेंट को भारत में प्रसारित नहीं करने की बात कही गई थी। अब इसी निर्देश के आधार पर नेटफ्लिक्स को पाकिस्तानी प्रोडक्शन की सामग्री भारत में स्ट्रीम नहीं करने के लिए कहा गया है।
Pakistani Content Ban : पीएम मोदी को पत्र लिखकर रिलीज रोकने की मांग
पाकिस्तानी वेबसीरीज की संभावित रिलीज का विरोध करते हुए भारत के दो फिल्म संगठनों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा था।
- ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने पाकिस्तान को आतंकवाद से जुड़ा देश बताते हुए सीरीज की रिलीज पर रोक लगाने की मांग की।
- फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) ने पाकिस्तानी शो और कलाकारों का विरोध किया। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि सीरीज भारत में रिलीज होती है तो नेटफ्लिक्स के प्रोजेक्ट्स की शूटिंग रोकने की कार्रवाई की जा सकती है।
Pakistani Content Ban : पाकिस्तानी मंत्री ने भारत पर लगाया आरोप
इस विवाद पर पाकिस्तान के मंत्री अहसान इकबाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि भारत खेल, पानी और अब कला-संस्कृति को राजनीतिक हथियार के तौर पर इस्तेमाल कर रहा है।
Pakistani Content Ban : तीन पीढ़ियों और छह प्रेम कहानियों पर आधारित है सीरीज
सीरीज का ट्रेलर जारी हो चुका है, जबकि पहला पार्ट 4 दिसंबर को रिलीज होने वाला है। नेटफ्लिक्स की पाकिस्तानी वेबसीरीज ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ का ट्रेलर मंगलवार को रिलीज किया गया। यह सीरीज तीन पीढ़ियों की कहानी और छह प्रेम कहानियों के इर्द-गिर्द बुनी गई है। इसमें प्यार, पारिवारिक रिश्तों, भावनाओं और पुराने जख्मों को दिखाया गया है।
सीरीज का निर्देशन और निर्माण मोमिना दुरैद ने किया है। इसकी कहानी फरहत इश्तियाक के इसी नाम के उर्दू उपन्यास पर आधारित है। इसमें फवाद खान, माहिरा खान, हानिया आमिर, सनम सईद, अहद रजा मीर, इकरा अजीज, हमजा अली अब्बासी और माया अली जैसे कलाकार नजर आएंगे।
सीरीज का पहला भाग 4 दिसंबर को दुनियाभर में नेटफ्लिक्स पर रिलीज होना प्रस्तावित है। हालांकि भारत में इसकी रिलीज को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। नेटफ्लिक्स ने इस विवाद पर फिलहाल कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।
Pakistani Content Ban : बेंगलुरु में विरोध के बाद पाकिस्तानी सीरीज की स्क्रीनिंग रद्द
बेंगलुरु में पाकिस्तानी ड्रामा सीरीज ‘दर-ए-निजात’ की दो प्रस्तावित स्क्रीनिंग भी विरोध के बाद रद्द कर दी गईं। ये कार्यक्रम 28 नवंबर और 5 दिसंबर को आयोजित होने थे। पुलिस के मुताबिक, आयोजकों ने खुद दोनों कार्यक्रम रद्द किए। इसके लिए पुलिस से अनुमति भी नहीं ली गई थी। पहली स्क्रीनिंग फ्रेजर टाउन के एक रेस्टोरेंट में प्रस्तावित थी, जबकि दूसरी माउवी प्राइवेट थिएटर में आयोजित होनी थी।
दूसरे कार्यक्रम में मेहमानों के लिए पाकिस्तानी कपड़े पहनने का ड्रेस कोड भी रखा गया था। सीरीज का निर्देशन साकिब खान ने किया है। अगस्त में रिलीज हुई इस सीरीज के 23 एपिसोड अक्टूबर तक सोशल मीडिया पर 1.7 अरब से ज्यादा व्यूज हासिल करने का दावा किया गया है।
ये भी जानिए : बिकिनी के ऊपर ‘ॐ’ का निशान बना कपड़ा पहनकर विवादों में Kendall Jenner, भारतीय यूजर्स ने जताई नाराजगी


