रिपोर्ट- सुमन
Jaipur Fake Currency : जयपुर में नकली भारतीय मुद्रा के खिलाफ पुलिस की सीएसटी टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। एनडीपीएस यूनिट से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने शाहवाज खान नाम के आरोपी के कब्जे से 3 लाख 45 हजार रुपये के नकली नोट बरामद किए हैं। जब्त किए गए सभी नोट 500-500 रुपये के बताए जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक पूछताछ में नकली नोटों को पंचायतीराज चुनाव और त्योहारों के सीजन में बाजार में खपाने की तैयारी की बात सामने आई है।
Jaipur Fake Currency : सूचना मिलते ही सीएसटी टीम ने की कार्रवाई
पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल और स्पेशल पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश के निर्देशन में अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत एनडीपीएस यूनिट से नकली नोटों की सूचना मिलने के बाद सीएसटी टीम ने आरोपी के बारे में जानकारी जुटाई और कार्रवाई की।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 500-500 रुपये के नकली नोटों के रूप में कुल 3.45 लाख रुपये की मुद्रा बरामद की। इसके बाद जब्त की गई मुद्रा और आरोपी से संबंधित मामले को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जयपुर के भट्टाबस्ती पुलिस थाने को सौंप दिया गया।
Jaipur Fake Currency : चुनाव और त्योहारों में नकली नोट खपाने की आशंका
स्पेशल पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश के अनुसार, शुरुआती पूछताछ में यह जानकारी सामने आई है कि आरोपी कथित तौर पर नकली नोटों की खेप को पंचायतीराज चुनाव और त्योहारों के दौरान बाजार में चलाने की तैयारी कर रहा था। हालांकि, नकली मुद्रा कहां से लाई गई थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं, इन पहलुओं की जांच की जा रही है।
पुलिस ने आरोपी की पहचान शाहवाज खान, पुत्र अब्दुल सलाम, उम्र 33 वर्ष, निवासी हाउसिंग बोर्ड, नाहरी का नाका, शास्त्री नगर, जयपुर के रूप में बताई है। उसका पता भट्टाबस्ती थाना क्षेत्र में है।
Jaipur Fake Currency : कार्रवाई में ये पुलिसकर्मी रहे शामिल
इस कार्रवाई में सीएसटी टीम के उप निरीक्षक प्रकाश वीर, हेड कांस्टेबल मरगूब और रामकिशन तथा कांस्टेबल ललित कुमार, रामदयाल, बबलू कृष्ण और भंवर सिंह शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि नकली मुद्रा के नेटवर्क और उससे जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर की जाएगी।
ये भी जानिए : Udta Teer Box Office Collection Day 3 : वीकेंड पर आयुष्मान खुराना की फिल्म ने पकड़ी रफ्तार, 3 दिन में कमाए ₹18.62 करोड़


