Sasaram Electricity Problem : सासाराम के शहरी क्षेत्र में बिजली विभाग की व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। शहर के कई इलाकों में अब भी बिजली सप्लाई के लिए अंडरकवर तारों की जगह खुले और नंगे तारों का इस्तेमाल किया जा रहा है। बाजार और रिहायशी इलाकों से गुजर रहे इन तारों के कारण कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार तारों से चिंगारी निकलने की घटनाएं भी सामने आती हैं।

Sasaram Electricity Problem : अड्डा रोड और पोस्ट ऑफिस के पीछे नंगे तारों से सप्लाई
सासाराम के अड्डा रोड, पोस्ट ऑफिस के पीछे समेत कई इलाकों में बिजली के नंगे तार खुले तौर पर दिखाई दे रहे हैं। इन तारों के आसपास लोगों की आवाजाही भी होती है। ऐसे में यदि तार टूटकर नीचे गिर जाए या किसी व्यक्ति के संपर्क में आ जाए तो गंभीर दुर्घटना हो सकती है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक बारिश और तेज हवा के दौरान खतरा और बढ़ जाता है। कई जगह तारों से चिंगारी निकलने की बात भी सामने आई है, जिससे शॉर्ट सर्किट और आग लगने की आशंका बनी रहती है। लोगों ने बिजली विभाग से ऐसे स्थानों पर जल्द से जल्द सुरक्षित और कवर वाले तार लगाने की मांग की है।
Sasaram Electricity Problem : टोक फंसाकर बिजली इस्तेमाल करने से चोरी का खतरा
शहर में खुले तारों के साथ बिजली के अवैध इस्तेमाल की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। तस्वीरों में देखा जा सकता है कि कुछ लोग बिजली के तारों में टोक फंसाकर बिजली की सप्लाई लेते नजर आ रहे हैं। इससे न सिर्फ बिजली चोरी की संभावना बढ़ती है, बल्कि विद्युत व्यवस्था पर भी अतिरिक्त खतरा पैदा होता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि खुले तारों और इस तरह बिजली लेने की व्यवस्था पर विभाग को नियमित निगरानी करनी चाहिए। यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो किसी बड़े हादसे के बाद ही व्यवस्था में बदलाव होने का इंतजार करना पड़ सकता है।
Sasaram Electricity Problem : स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग से कार्रवाई की मांग की
स्थानीय निवासी डॉ. लगन प्रसाद यादव ने क्षेत्र में खुले बिजली के तारों को लेकर चिंता जताई। वहीं विजय शर्मा ने भी बिजली व्यवस्था को सुरक्षित बनाने और खुले तारों को हटाकर कवर वाले तार लगाने की मांग की।
लोगों का कहना है कि शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों में बिजली के तारों की स्थिति की जांच कराई जानी चाहिए। साथ ही जहां भी अवैध तरीके से बिजली का उपयोग किया जा रहा है, वहां कार्रवाई होनी चाहिए। स्थानीय लोगों की मांग है कि बिजली विभाग जल्द अभियान चलाकर नंगे तारों को सुरक्षित करे और संभावित हादसों को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाए।




