Report: Sartaj khan
Farrukhabad Road Safety Meeting उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में स्कूली बच्चों की सुरक्षा और सड़कों पर होने वाले हादसों को रोकने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की एक अहम समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में भोजपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक नागेंद्र सिंह राठौर सहित पुलिस और परिवहन विभाग के आला अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने साफ कर दिया है कि सड़कों पर क्षमता से अधिक बच्चों को ठूंसकर चलने वाले स्कूली वाहनों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
Farrukhabad Road Safety Meeting ब्लैक स्पॉट सुधारे जाएंगे, घायलों के त्वरित इलाज के लिए एम्बुलेंस तंत्र होगा मजबूत
Farrukhabad Road Safety Meeting बैठक के दौरान जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने लोक निर्माण विभाग और संबंधित एजेंसियों को जिले के सभी दुर्घटना संभावित क्षेत्रों (ब्लैक स्पॉट) को चिन्हित कर उनमें समयबद्ध तरीके से तकनीकी सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों और मुख्य जिला मार्गों पर रिफ्लेक्टर, स्पीड लिमिट बोर्ड, रोड मार्किंग और चेतावनी संकेतक पर्याप्त मात्रा में लगाए जाएं। इसके अलावा, सड़क हादसों के शिकार हुए पीड़ितों को ‘गोल्डन ऑवर’ (शुरुआती कीमती समय) के भीतर त्वरित इलाज दिलाने के लिए एम्बुलेंस और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के आदेश दिए।
Farrukhabad Road Safety Meeting क्षमता से अधिक बच्चे बिठाने वाले वाहनों पर गिरेगी गाज, एआरटीओ को विशेष अभियान के आदेश
इस उच्च स्तरीय बैठक में स्कूली बसों और वैनों की सुरक्षा का मुद्दा सबसे प्रमुखता से छाया रहा। जिलाधिकारी ने कड़े लहजे में कहा कि जो भी स्कूली वाहन बिना वैध फिटनेस, परमिट, इंश्योरेंस या अधूरे दस्तावेजों के सड़कों पर दौड़ रहे हैं, उन्हें तत्काल सीज किया जाए। उन्होंने एआरटीओ (ARTO) प्रवर्तन सुभाष राजपूत को विशेष हिदायत दी कि वे सड़कों पर उतरकर ओवरलोडिंग करने वाले स्कूली वाहनों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाएं। क्षमता से अधिक छात्र-छात्राओं को बैठाने वाले चालकों और स्कूल प्रबंधनों पर भारी जुर्माना लगाने और एफआईआर दर्ज करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
Farrukhabad Road Safety Meeting शिक्षा अधिकारियों को अल्टीमेटम: 7 दिनों में सभी स्कूलों से चाहिए सुरक्षा सर्टिफिकेट
स्कूली बच्चों के सुरक्षित सफर को सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) विश्वनाथ प्रताप को एक सप्ताह की सख्त समय-सीमा दी है। उन्होंने निर्देश दिए कि आगामी 7 दिनों के भीतर जिले के सभी शासकीय और निजी शिक्षण संस्थानों से सड़क सुरक्षा मानकों (School Bus Safety Standards) के शत-प्रतिशत पालन का स्व-प्रमाण पत्र अनिवार्य रूप से प्राप्त कर लिया जाए। बैठक में जिला पुलिस कप्तान (एसपी) आरती सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह सहित परिवहन और शिक्षा विभाग के कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।





