Blinkit Rider Tip : सोशल मीडिया पर महिला की दरियादिली की हो रही जमकर तारीफ
Blinkit Rider Tip : ऑनलाइन ग्रॉसरी और फूड डिलीवरी के इस दौर में डिलीवरी पार्टनर्स दिन-रात मेहनत करके लोगों तक सामान पहुंचाते हैं। तेज धूप, बारिश और ट्रैफिक के बीच उनकी मेहनत अक्सर नजरअंदाज हो जाती है। लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो ने इंसानियत और संवेदनशीलता की ऐसी मिसाल पेश की है, जिसकी हर तरफ चर्चा हो रही है। एक Blinkit राइडर को मात्र 15 रुपये की डिलीवरी पर ग्राहक ने 500 रुपये की टिप दी। इस अप्रत्याशित मदद से राइडर इतना भावुक हो गया कि उसने वीडियो बनाकर महिला का शुक्रिया अदा किया।

Blinkit Rider Tip : वीडियो में छलक पड़ा राइडर का दर्द
‘I’m Blinkit Rider’ नाम के सोशल मीडिया अकाउंट से शेयर किए गए वीडियो में डिलीवरी पार्टनर अपनी साइकिल, Blinkit की यूनिफॉर्म और बैग के साथ नजर आता है। वह बताता है कि अभी-अभी उसने एक ऑर्डर डिलीवर किया है। वीडियो में वह अपने ऐप पर उस समय तक की कमाई भी दिखाता है, जो केवल 97 रुपये थी। इसके बाद वह हाथ में 500 रुपये का नोट दिखाते हुए बताता है कि एक महिला ग्राहक ने उसे 15 रुपये की डिलीवरी पर 500 रुपये की टिप दी।
Blinkit Rider Tip : ‘इतनी कमाई तो दो दिन में होती है’
राइडर वीडियो में भावुक होकर कहता है कि इतनी रकम वह दो दिन की मेहनत के बाद कमा पाता है। उसकी आवाज में खुशी के साथ-साथ संघर्ष भी साफ महसूस होता है। वह कई बार उस महिला को धन्यवाद देते हुए कहता है कि उसकी इस मदद को वह कभी नहीं भूल पाएगा।
Blinkit Rider Tip : सोशल मीडिया पर लोगों ने की महिला की तारीफ
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स महिला की जमकर सराहना कर रहे हैं। कई लोगों ने लिखा कि ऐसे छोटे-छोटे काम किसी की जिंदगी में बड़ी खुशी ला सकते हैं।

एक यूजर ने लिखा, “दीदी के लिए रिस्पेक्ट बटन।”
दूसरे ने कहा, “शायद उन्होंने गरीबी और संघर्ष को करीब से देखा होगा, तभी किसी मेहनतकश की तकलीफ समझ पाईं।”
एक अन्य यूजर ने लिखा, “ऐसे लोगों की वजह से इंसानियत आज भी जिंदा है।”
Blinkit Rider Tip : डिलीवरी पार्टनर्स की मेहनत को समझना जरूरी
Blinkit, Zomato, Swiggy और अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के डिलीवरी एजेंट हर मौसम में ग्राहकों तक समय पर सामान पहुंचाने के लिए लगातार मेहनत करते हैं। कई बार लंबी दूरी, खराब मौसम और ट्रैफिक के बावजूद उन्हें बहुत कम कमाई होती है। ऐसे में यदि ग्राहक अपनी इच्छा और क्षमता के अनुसार टिप देते हैं, तो यह न केवल आर्थिक मदद होती है बल्कि उनके कठिन परिश्रम का सम्मान भी होता है।
Blinkit Rider Tip : एक छोटी मदद, बड़ी खुशी
यह वायरल वीडियो इस बात का उदाहरण है कि किसी की मदद करने के लिए हमेशा बड़ी रकम की जरूरत नहीं होती। छोटी-सी संवेदनशीलता और सम्मान भी किसी मेहनतकश व्यक्ति के चेहरे पर मुस्कान ला सकता है। इस महिला की दरियादिली ने न केवल एक Blinkit राइडर का दिन बना दिया, बल्कि लाखों लोगों को इंसानियत का एक खूबसूरत संदेश भी दिया।

