Child Kidnapping : घर के आंगन से उठाकर ले गए थे आरोपी, हाई अलर्ट के बाद तुमकपाल क्षेत्र में सुरक्षित मिली मासूम
Child Kidnapping : दंतेवाड़ा जिले के कटेकल्याण थाना क्षेत्र में बुधवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई। नदीकोंटा पारा में अपने घर के आंगन में खेल रही दो वर्षीय मासूम तृप्ति का कथित तौर पर तिरपाल बेचने वाले फेरीवालों ने वैन में अपहरण कर लिया। घटना सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है।

Child Kidnapping : सूचना मिलते ही पुलिस ने जारी किया हाई अलर्ट
बच्ची के लापता होने की जानकारी मिलते ही दंतेवाड़ा पुलिस तत्काल सक्रिय हो गई। पूरे जिले में नाकेबंदी कर हाई अलर्ट घोषित किया गया और आसपास के जिलों को भी संदिग्ध वाहन व आरोपियों की जानकारी साझा कर तलाश अभियान शुरू किया गया।

Child Kidnapping : नाकेबंदी के दबाव में बच्ची को छोड़कर फरार हुए आरोपी
पुलिस की सघन जांच और लगातार दबाव के चलते आरोपी ज्यादा दूर नहीं जा सके। जानकारी के अनुसार, तुमकपाल क्षेत्र में उन्होंने मासूम बच्ची को छोड़ दिया और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने बच्ची को सुरक्षित बरामद कर लिया, जिससे परिजनों ने राहत की सांस ली।
Child Kidnapping : आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी
हालांकि, अपहरण में शामिल आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। उनकी पहचान कर गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस विभिन्न संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
Child Kidnapping : एसपी ने की घटना की पुष्टि
दंतेवाड़ा के पुलिस अधीक्षक गौरव राय ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मासूम बच्ची सुरक्षित बरामद कर ली गई है। उन्होंने कहा कि अपहरण में शामिल आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं।





