Antagarh News : 56 ग्राम पंचायतों के सरपंचों ने खोला मोर्चा
Antagarh News : छत्तीसगढ़ के अंतागढ़ में सरपंचों का चक्काजाम आंदोलन दूसरे दिन भी जारी रहा। भानुप्रतापपुर-नारायणपुर मुख्य मार्ग पर बड़ी संख्या में सरपंच सड़क पर बैठ गए, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। सड़क पर यात्री वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोगों को घंटों तक परेशानी का सामना करना पड़ा।
Antagarh News : विकास कार्यों की स्वीकृति नहीं मिलने से नाराजगी

जानकारी के मुताबिक 56 ग्राम पंचायतों के सरपंच अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी सरपंचों का आरोप है कि ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों की स्वीकृति नहीं दी जा रही, जिसके कारण गांवों का विकास कार्य पूरी तरह ठप हो गया है। सरपंचों का कहना है कि बार-बार मांग करने के बावजूद प्रशासन उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रहा है, जिससे जनप्रतिनिधियों में भारी आक्रोश है।
Antagarh News : जिला प्रशासन पर लगाया अनदेखी का आरोप
आंदोलन का नेतृत्व जिला पंचायत सदस्य गुप्तेश उसेंडी कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आंदोलन शुरू होने के दूसरे दिन तक भी जिला प्रशासन का कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। इस बात को लेकर प्रदर्शनकारियों में और ज्यादा नाराजगी देखने को मिली। सरपंचों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और पूरी रात सड़क पर डटे रहे।
Antagarh News : आवागमन बुरी तरह प्रभावित
चक्काजाम के कारण भानुप्रतापपुर-नारायणपुर मार्ग पर यातायात व्यवस्था चरमरा गई। यात्रियों को घंटों तक सड़क पर इंतजार करना पड़ा। कई यात्री वाहन और मालवाहक ट्रक जाम में फंसे रहे।
Antagarh News : मांगें पूरी नहीं होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी
प्रदर्शनकारी सरपंचों ने साफ कहा है कि जब तक ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों की स्वीकृति नहीं दी जाती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।





