Shiv Shakti Mahayagya : हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में निकली कलश यात्रा, पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल
Shiv Shakti Mahayagya : जामताड़ा जिले के कर्माटांड़ प्रखंड अंतर्गत मट्टांड (झिलुवा) में 9 दिवसीय श्री श्री 1008 शिव शक्ति महायज्ञ सह मां पार्वती मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर भव्य कलश यात्रा के साथ आयोजन का शुभारंभ हुआ। बुधवार को आयोजित इस कलश यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पूरे क्षेत्र को भक्तिमय माहौल से सराबोर कर दिया।कलश यात्रा की शुरुआत मट्टांड नदी से जल भरकर की गई, जहां वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूजा-अर्चना संपन्न हुई। इसके बाद श्रद्धालु महिलाएं और कन्याएं सिर पर कलश लेकर डीजे, ढोल-नगाड़ों और जयकारों के बीच नगर भ्रमण करते हुए मंदिर प्रांगण पहुंचीं। इस दौरान पंडितों को घोड़े के रथ पर सवार कर शोभायात्रा निकाली गई और जगह-जगह ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया।

Shiv Shakti Mahayagya : 30 अप्रैल तक होंगे हवन, कथा-प्रवचन और भक्ति कार्यक्रम, शहनाज अख्तर देंगी प्रस्तुति
Shiv Shakti Mahayagya : गर्मी को ध्यान में रखते हुए यज्ञ समिति द्वारा विभिन्न स्थानों पर जल, शरबत, सड़क पर छिड़काव, स्वास्थ्य कर्मियों और एंबुलेंस की व्यवस्था की गई थी, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।महायज्ञ के दौरान प्रतिदिन सुबह-शाम हवन, पूजन और आराधना होगी, वहीं संध्या के समय कथा-प्रवचन और भक्ति जागरण का आयोजन किया जाएगा। 22 अप्रैल से 30 अप्रैल तक विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा, जिसमें राज्य और राष्ट्रीय स्तर के कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे।
Shiv Shakti Mahayagya : महायज्ञ के समापन दिवस 30 अप्रैल को प्रसिद्ध भजन गायिका शहनाज अख्तर अपनी भक्ति प्रस्तुति से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध करेंगी। आयोजन स्थल पर मेले का भी आयोजन किया गया है, जहां बच्चों और परिवारों के लिए झूले, खिलौने, सर्कस और अन्य मनोरंजन के साधन उपलब्ध हैं।यज्ञ समिति ने अधिक से अधिक लोगों से इस धार्मिक आयोजन में शामिल होने की अपील की है। आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न विभागों में स्वयंसेवकों की तैनाती की गई है, जो व्यवस्था और सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

