Report; Shahid khan
देवास: शराब ठेकेदार दिनेश मकवाना की आत्महत्या के मामले ने बड़ा मोड़ ले लिया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस प्रकरण को बेहद गंभीर मानते हुए तत्काल सख़्त कार्रवाई की है। घटना के बाद पूरे प्रशासनिक तंत्र में हड़कंप मचा हुआ है।
मुख्यमंत्री ने देवास जिले की प्रभारी सहायक आबकारी आयुक्त मंदाकिनी दीक्षित को तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया। उन्होंने इस निर्णय की सार्वजनिक पुष्टि अपने आधिकारिक ट्वीट के माध्यम से की। मुख्यमंत्री ने कहा कि ठेकेदार द्वारा आत्महत्या से पूर्व बनाए गए वायरल वीडियो ने मामले को अत्यंत गंभीर बना दिया है, इसलिए अधिकारी के विरुद्ध विभागीय और पुलिस जाँच दोनों शुरू कर दी गई हैं।
देवास जिले में एक मदिरा ठेकेदार द्वारा आत्महत्या के पूर्व बनाए गए वायरल वीडियो पर संज्ञान लेते हुए देवास की प्रभारी सहायक आबकारी आयुक्त को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया है। उनके विरुद्ध जांच भी की जा रही है। यह प्रकरण प्रथम दृष्ट्या अत्यंत गंभीर श्रेणी का है।
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) December 6, 2025
वायरल वीडियो में गंभीर आरोप
आत्महत्या से पहले वायरल हुए वीडियो में ठेकेदार दिनेश मकवाना ने DEO मंदाकिनी दीक्षित पर पैसे मांगने और कथित दबाव बनाने का आरोप लगाया था। इसके बाद एक और वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया, जिसमें लगभग ₹2 करोड़ के कथित लेनदेन और ब्लैकमेलिंग का जिक्र किया गया है। इन वीडियो ने पूरे मामले की संवेदनशीलता को और बढ़ा दिया है।

जाँच तेज, प्रशासन में बवाल
निलंबन के बाद अधिकारी के खिलाफ विभागीय स्तर पर तथा पुलिस द्वारा अलग-अलग जाँच चल रही है। मुख्यमंत्री के इस सीधे और त्वरित एक्शन से प्रशासनिक हलकों में खलबली मच गई है और इसे भ्रष्टाचार के खिलाफ सख़्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।





