Isa Ahmad
32 सौ रुपये के लेनदेन में लिया गया जानलेवा अंजाम
बुलंदशहर जिले में नेत्रपाल हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। खुर्जा नगर पुलिस ने मामले का पर्दाफाश करते हुए आरोपी रविन्द्र को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या का कारण महज़ 32 सौ रुपये का लेनदेन बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी के पास से हत्या में इस्तेमाल की गई ईंट भी बरामद कर ली है।
जानकारी के अनुसार, मृतक नेत्रपाल और आरोपी रविन्द्र दोनों आपस में दोस्त थे। 18 अक्टूबर की रात दोनों ने खुर्जा क्षेत्र के शमशान घाट में बैठकर शराब पार्टी की थी। इसी दौरान पैसों के लेनदेन को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि रविन्द्र ने गुस्से में आकर ईंटों से नेत्रपाल के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया था। घटना की जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि रविन्द्र खुर्जा स्थित पुराने जीटी रोड पर कहीं आने-जाने की फिराक में है। इस पर थाना खुर्जा नगर कोतवाली पुलिस ने दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार कर ली है और हत्या में प्रयुक्त ईंट बरामद कर ली गई है। पुलिस ने आरोपी को जेल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।





