बुलंदशहर में युवक की चाकू से गोदकर हत्या, सड़क किनारे मिला लहूलुहान शव

- Advertisement -
Swadesh NewsAd image
A young man was stabbed to death in Bulandshahr, his bloodied body was found on the roadside.

बुलंदशहर। जनपद के थाना खुर्जा देहात क्षेत्र के गांव इस्लामाबाद में मंगलवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक युवक का लहूलुहान शव सड़क किनारे पड़ा मिला। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी।

मृतक की पहचान इमरान (25 वर्ष) पुत्र राशिद निवासी इस्लामाबाद के रूप में हुई है, जो पेशे से कार ड्राइवर बताया जा रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि युवक के शरीर पर आधा दर्जन से अधिक गहरे चाकू के घाव थे। बताया जा रहा है कि देर रात उसकी निर्मम तरीके से हत्या की गई थी।

हत्या के पीछे पारिवारिक विवाद का शक
पुलिस सूत्रों के अनुसार, इमरान की हत्या उसके ही रिश्तेदारों द्वारा आपसी विवाद के चलते की गई। आरोप है कि मृतक पर अपनी चचेरी बहन को भगाने का शक था। इसी शक के चलते देर रात आरोपियों ने उस पर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही थाना खुर्जा देहात पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

आरोपियों की तलाश में पुलिस की दबिश जारी
फिलहाल पुलिस ने मृतक के परिजनों से पूछताछ शुरू कर दी है और नामजद आरोपियों की तलाश में जगह-जगह दबिश दी जा रही है। इस सनसनीखेज हत्या से गांव में दहशत का माहौल है।