Isa Ahmad
भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या आज एक बार फिर इतिहास रचने को तैयार है। दीपोत्सव 2025 के अवसर पर 26 लाख से भी अधिक दीपक जलाकर नया विश्व रिकॉर्ड बनाया जाएगा। पूरे शहर को दीपों की रौशनी से सजाया गया है, जिससे अयोध्या जगमगाते स्वर्ग जैसी दिखाई दे रही है।
मुख्य कार्यक्रम से पहले साकेत महाविद्यालय से रामायण के प्रसंगों पर आधारित भव्य झांकियां निकाली जा रही हैं। इनमें देश के कोने-कोने से आए कलाकारों ने हिस्सा लिया है, जो भगवान श्रीराम के जीवन की महत्वपूर्ण घटनाओं को जीवंत कर रहे हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ कुछ ही देर में पर्यटन मंत्री द्वारा किया जाएगा। इसके बाद पुष्पक विमान से प्रभु श्रीराम के अयोध्या आगमन का प्रतीकात्मक दृश्य प्रस्तुत किया जाएगा। भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व राज्यपाल आनंदीबेन पटेल स्वयं स्वागत करेंगे।
दीपोत्सव को लेकर प्रशासन और श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है, वहीं नदी के घाटों से लेकर मंदिरों तक दीपों की श्रृंखला बिछाई जा चुकी है।





