रायपुर में खुलेआम गुंडागर्दी ! युवक की डंडे से पिटाई, पिस्टल दिखाकर दी धमकी, हिस्ट्रीशीटर का वीडियो वायरल

- Advertisement -
Swadesh NewsAd image
Open hooliganism in Raipur! A young man was beaten with a stick and threatened with a pistol; a video of a history-sheeter goes viral.

रायपुर: न्यू शांति नगर इलाके से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां कुख्यात हिस्ट्रीशीटर विक्की खोचड़ का गुंडागर्दी भरा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो में विक्की अपने साथियों के साथ एक युवक रानू सिन्हा की बेरहमी से पिटाई करता दिख रहा है। सूत्रों के अनुसार घटना श्मशान घाट के पास की बताई जा रही है, जहां विक्की ने पहले युवक को डंडे से पीटा और फिर पिस्टल निकालकर जान से मारने की धमकी दी। बताया जा रहा है कि विक्की ने इस पूरी घटना का वीडियो खुद बनवाया ताकि इलाके में दहशत फैलाई जा सके।

वीडियो में साफ दिख रहा है कि विक्की खोचड़ आधे घंटे तक युवक को डराता-धमकाता रहा। इस दौरान स्थानीय लोग खौफ में दूर खड़े रहे।

वीडियो वायरल होते ही पुलिस हरकत में

जैसे ही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, सिविल लाइन पुलिस तुरंत हरकत में आई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विक्की खोचड़ और उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। बताया जा रहा है कि विक्की के खिलाफ पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, और वह कई बार जेल जा चुका है। फिलहाल पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और शहर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।

कानून व्यवस्था पर उठे सवाल

राजधानी रायपुर में दिनदहाड़े इस तरह की घटना ने कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। खुलेआम गुंडागर्दी और पिस्टल लहराने का वीडियो यह दिखाता है कि अपराधियों में पुलिस का डर खत्म होता जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में विक्की खोचड़ और उसके गैंग की दबंगई लंबे समय से जारी है, लेकिन सख्त कार्रवाई नहीं होने से उनका हौसला बढ़ता जा रहा है।