जिला पंचायत कार्यालय और मीटिंग हॉल का हुआ जीर्णोद्धार
फर्रुखाबाद। विकसित भारत के विजन को साकार करने की दिशा में फर्रुखाबाद जिले में एक नई पहल की गई है। जिला पंचायत कार्यालय और मीटिंग हॉल का जीर्णोद्धार पूरा कर लिया गया है। 25 लाख रुपये की लागत से बने इस नव-निर्मित भवन का उद्घाटन जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव, उनके आदर्श पिताजी और प्रदेश के पूर्व मंत्री नरेंद्र सिंह यादव, जिला पंचायत प्रतिनिधि सचिन यादव और अन्य जिला पंचायत सदस्यों ने हवन-पूजन कर शिलान्यास किया।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री नरेंद्र सिंह यादव ने कहा कि जब हम विकसित भारत की बात करते हैं तो यह जरूरी है कि जिला पंचायत जैसी सर्वोच्च संस्थाएं भी उसी दिशा में आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि जिला पंचायत का यह भवन न केवल आधुनिक स्वरूप में तैयार हुआ है बल्कि यह नए भारत के विकास की सोच को भी प्रतिबिंबित करता है।
उन्होंने कहा, “जिला पंचायत सभी सदस्यों ने मिलकर जो प्रयास किया है, वह अत्यंत सराहनीय है। जब तक विकास जमीन पर नजर नहीं आएगा, तब तक वह केवल कल्पना मात्र रहेगा। इस भवन के सौंदर्यीकरण से यह साबित होता है कि जिले में विकास की नई तस्वीर उभर रही है।”
पूर्व मंत्री ने आगे कहा कि सरकार आज स्वदेशी वस्त्रों और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की बात कर रही है, जिससे गांवों में रहने वाले हथकरघा उद्योग से जुड़े लोगों को नई उम्मीदें मिलेंगी।
नव-निर्मित जिला पंचायत भवन को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है ताकि जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को कार्य संचालन में आसानी हो। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्यों और स्थानीय गणमान्य नागरिकों की भी उपस्थिति रही।





