by: vijay nandan
Venezuela explosions Live: अमेरिका और वेनेजुएला के बीच तनाव शनिवार को खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया, जब वेनेजुएला के कई शहरों में एक के बाद एक जोरदार धमाके सुने गए। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कम से कम सात विस्फोट हुए, जिनकी आवाज कई किलोमीटर दूर तक गूंजी।
इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने सोशल मीडिया पर एक बड़ा दावा करते हुए कहा कि वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया एडेला फ्लोरेस को अमेरिकी सेना ने हिरासत में ले लिया है। ट्रम्प के मुताबिक, दोनों को देश से बाहर ले जाया गया है। उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम पर तय समय पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विस्तृत जानकारी देने की बात कही है। हालांकि, ट्रम्प के इस दावे पर वेनेजुएला सरकार की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।

Venezuela explosions Live: चार शहरों पर अमेरिकी हमले
रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिका ने देर रात करीब 2 बजे वेनेजुएला के चार प्रमुख शहरों में हवाई हमले किए। अमेरिकी मीडिया का कहना है कि यह कार्रवाई राष्ट्रपति ट्रम्प के आदेश पर की गई, जिसमें सैन्य ठिकानों और रणनीतिक स्थानों को निशाना बनाया गया।

Venezuela explosions Live: वेनेजुएला में आपातकाल घोषित
हमलों के बाद वेनेजुएला की ओर से बयान जारी करते हुए राष्ट्रपति मादुरो ने कहा था कि देश पर हमला किया गया है और इसका जवाब दिया जाएगा। इसके साथ ही पूरे देश में आपातकाल लागू करने की घोषणा की गई थी। मादुरो ने आरोप लगाया कि अमेरिका सत्ता परिवर्तन के इरादे से वेनेजुएला के तेल और खनिज संसाधनों पर कब्जा करना चाहता है। इस बयान के करीब एक घंटे बाद ट्रम्प की ओर से मादुरो को पकड़ने का दावा सामने आया।
Venezuela explosions Live: सरकार और सेना की प्रतिक्रिया
वेनेजुएला की उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने सरकारी टीवी चैनल पर बयान देते हुए राष्ट्रपति मादुरो के जीवित होने के प्रमाण और उनके वर्तमान ठिकाने की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की है।
वहीं, रक्षा मंत्री व्लादिमीर पैड्रिनो लोपेज ने देशभर में सैन्य बलों की तैनाती की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सशस्त्र बल पूरी तरह सतर्क हैं और किसी भी स्थिति का सामना करने के लिए तैयार हैं। हालांकि, उन्होंने मादुरो की गिरफ्तारी के दावे पर कोई टिप्पणी नहीं की।
Venezuela explosions Live: अमेरिकी दूतावास की चेतावनी
कोलंबिया स्थित अमेरिकी दूतावास ने वेनेजुएला की यात्रा को लेकर सख्त चेतावनी जारी की है। दूतावास ने अमेरिकी नागरिकों से राजधानी काराकस और आसपास के इलाकों से दूर रहने और संभव हो तो देश छोड़ने की अपील की है। वेनेजुएला के लिए लेवल-4 ट्रैवल एडवाइजरी जारी की गई है, जो सबसे उच्च स्तर की चेतावनी मानी जाती है।

Venezuela explosions Live: पहले से घिरा हुआ है वेनेजुएला
बताया जा रहा है कि अमेरिका पहले से ही वेनेजुएला के आसपास समुद्री और हवाई क्षेत्रों में सैन्य तैनाती बढ़ा चुका है। बीते कुछ महीनों में कई नौकाओं पर कार्रवाई की गई, जिन्हें अमेरिका ने ड्रग तस्करी से जुड़ा बताया है। फिलहाल, राष्ट्रपति मादुरो की स्थिति को लेकर तस्वीर साफ नहीं है और अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजरें इस पूरे घटनाक्रम पर टिकी हुई हैं।
ये भी जानिए: Iran Protest Live: ईरान में उबाल, 50 से ज्यादा शहरों में बवाल, झड़पों में 8 जान हलाक

