UP Free Bus Travel: उत्तर प्रदेश में रक्षाबंधन के मौके पर माताओं, बेटियों और बहनों के लिए योगी सरकार ने बड़ा ऐलान किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिए हैं कि 27 अगस्त की रात से 28 अगस्त की रात तक उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में महिला यात्री अपने एक सहयोगी के साथ मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को महिलाओं की सुरक्षित और सुगम यात्रा के लिए परिवहन, पुलिस और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
UP Free Bus Travel: रक्षाबंधन पर महिलाओं को फ्री बस यात्रा की सुविधा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि रक्षाबंधन पर बहनें सुरक्षित तरीके से अपने घर पहुंच सकें, इसके लिए परिवहन व्यवस्था को मजबूत किया जाए। 27 अगस्त की रात से 28 अगस्त की रात तक महिला यात्री और उनके साथ एक सहयोगी उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में बिना किराया यात्रा कर सकेंगे।महिला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था बेहतर रखने और एंटी रोमियो स्क्वाड को सक्रिय रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
UP Free Bus Travel: बस चालकों की होगी जांच, नशे में ड्राइविंग पर रोक
मुख्यमंत्री ने रक्षाबंधन के दौरान बस चालकों की निगरानी और जांच के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नशे का सेवन करने वाले किसी भी चालक को बस चलाने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।निजी बसों के चालकों का सत्यापन कराने के साथ ही ऑटो और टैक्सी चालकों का भी सत्यापन सुनिश्चित करने को कहा गया है। महिला यात्रियों की सुरक्षा के लिए परिवहन और पुलिस विभाग को मिलकर आवश्यक इंतजाम करने के निर्देश दिए गए।
UP Free Bus Travel: जलभराव वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पम्पिंग स्टेशन लगाने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में जलभराव की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। प्रयागराज, वाराणसी, लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर, मेरठ, सहारनपुर और गाजियाबाद समेत कई क्षेत्रों में जलभराव के कारणों की जानकारी ली गई।उन्होंने कहा कि लो-लैंड क्षेत्रों को पहले से चिन्हित किया जाए और जरूरत के अनुसार अतिरिक्त पम्पिंग स्टेशन लगाए जाएं। जिन नालों में सिल्ट, कूड़े या अन्य कारणों से पानी की निकासी बाधित है, उनकी तत्काल सफाई कराई जाए।
UP Free Bus Travel: 762 नगर निकायों की 24 घंटे निगरानी
मुख्यमंत्री ने नगर विकास विभाग को प्रदेश के सभी 762 नगर निकायों की मुख्यालय स्तर से 24 घंटे निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। महापौरों, नगर पालिका परिषद और नगर पंचायतों के अध्यक्षों को स्थानीय पार्षदों के साथ फील्ड में जाकर जलभराव और सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करने को कहा गया।नालों पर मौजूद अतिक्रमण को चिन्हित कर तत्काल हटाने के निर्देश भी दिए गए हैं। पटरी व्यवसायियों के लिए व्यवस्थित व्यवस्था बनाने पर भी जोर दिया गया, ताकि आम नागरिकों को परेशानी न हो।
UP Free Bus Travel: 19 बाढ़ प्रभावित जिलों में राहत कार्य तेज करने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 19 बाढ़ प्रभावित जनपदों की स्थिति की समीक्षा की। बलिया, गोंडा, बहराइच, बाराबंकी, फर्रुखाबाद और लखीमपुर खीरी समेत प्रभावित जिलों के जिलाधिकारियों से राहत कार्यों की जानकारी ली गई।उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को अलर्ट रहने और कंट्रोल रूम को लगातार सक्रिय रखने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ प्रभावित हर परिवार तक राहत पहुंचनी चाहिए। प्रभावित क्षेत्रों में पर्याप्त मात्रा में पका हुआ भोजन और सूखा खाद्यान्न उपलब्ध कराने के साथ राहत सामग्री का समय पर और व्यवस्थित वितरण सुनिश्चित करने को कहा गया।
UP Free Bus Travel: नदी कटान वाले इलाकों पर विशेष नजर
मुख्यमंत्री ने नदी कटान वाले संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी के निर्देश दिए। जहां नदी की धारा आबादी की ओर बढ़ रही हो या उसका रुख बदल रहा हो, वहां समय रहते ड्रेजिंग कराने को कहा गया।बाढ़ के कारण जिन लोगों के मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं, उन्हें भूमि का पट्टा उपलब्ध कराकर मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत आवास दिलाने के निर्देश दिए गए। बहराइच में मानव-वन्यजीव संघर्ष को देखते हुए पेट्रोलिंग बढ़ाने और सीमावर्ती जिलों में तस्करी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने को कहा गया।
UP Free Bus Travel: स्कूलों की व्यवस्था पर जिलाधिकारी रखें नजर
मुख्यमंत्री ने स्कूल-कॉलेजों से जुड़े भ्रामक वीडियो प्रसारित किए जाने पर नाराजगी जताई। उन्होंने गलत और भ्रामक जानकारी फैलाकर माहौल खराब करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।जिलाधिकारियों को विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करने को कहा गया है। मिड-डे मील, छात्र-छात्राओं के लिए शौचालय, कक्षाओं की स्थिति और अन्य बुनियादी सुविधाओं की स्थलीय जांच कराने के निर्देश दिए गए।मुख्यमंत्री ने कहा कि स्कूलों में बच्चों को बेहतर सुविधाओं के साथ अच्छा शैक्षणिक वातावरण मिलना चाहिए। बाल वाटिकाओं का संचालन भी सुनिश्चित करने को कहा गया है।
UP Free Bus Travel: प्रदेश में चीनी का पर्याप्त स्टॉक, कालाबाजारी पर सख्ती
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में चीनी की उपलब्धता की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि फिलहाल राज्य में पर्याप्त चीनी का स्टॉक उपलब्ध है, जो करीब छह महीने की आवश्यकता के अनुरूप बताया गया है।जिलाधिकारियों को चीनी की उपलब्धता और कीमतों पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। कालाबाजारी, जमाखोरी या कृत्रिम अभाव पैदा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने को कहा गया है।मुख्यमंत्री ने आम लोगों को चीनी के स्टॉक और उपलब्धता की सही जानकारी देने पर भी जोर दिया, ताकि अफवाह या अनावश्यक चिंता की स्थिति न बने। जरूरत पड़ने पर चीनी मिलों को चलाने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
UP Free Bus Travel: किसानों को गन्ना मूल्य का 3.25 लाख करोड़ रुपये भुगतान
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में अब तक किसानों को 3.25 लाख करोड़ रुपये का गन्ना मूल्य भुगतान किया जा चुका है। उन्होंने किसानों से जुड़े भुगतान की व्यवस्था को प्राथमिकता के साथ बनाए रखने के निर्देश दिए।बैठक में जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह और नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा समेत वरिष्ठ अधिकारी, मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, पुलिस अधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, नगर आयुक्त, जिला विद्यालय निरीक्षक और बेसिक शिक्षा अधिकारी मौजूद रहे।
read more :Farmer ID MP: किसानों के लिए बड़ी खबर, CM मोहन यादव ने की अपील- जरूर बनवाएं फार्मर आईडी, खाद से लेकर योजनाओं तक मिलेगा फायदा


