संवाददाता- प्रताप सिंह बघेल
मुरैना : आज दोपहर मुरैना रेलवे स्टेशन पर उस समय भगदड़ मच गई, जब स्लीपर कोच में बैठने को लेकर दो गुट आमने-सामने आ गए। इस झगड़े में सिर में चोट लगने से दो युवक घायल हुए हैं। घायल व्यक्तियों में से एक को जिला अस्पताल से गंभीर स्थिति में ग्वालियर रेफर किया गया।
जीआरपी के अनुसार, मौके से आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लिया गया है। फिलहाल, दो नामजद और पांच अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। हवालात में बंद लोगों से पूछताछ जारी है।
जानकारी के अनुसार, सिहोनियाँ थाना क्षेत्र के इटौरा गांव निवासी सोनू शर्मा, जो फरीदाबाद में गार्ड की नौकरी करते हैं, पत्नी, बच्चों और छोटे भाई के साथ फरीदाबाद जाने के लिए स्टेशन पर आए थे। छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस के जनरल बोगी में भीड़ अधिक होने के कारण सोनू शर्मा और उनका परिवार स्लीपर कोच एस-1 में बैठने का प्रयास कर रहा था।
एस-1 स्लीपर कोच रायपुर से अमृतसर के लिए पूरी तरह बुक था, जिसमें सरदार परिवार सफर कर रहा था। सोनू शर्मा का छोटा भाई बच्चों के साथ कोच में बैठ गया, तो अन्य यात्रियों ने उसे धक्का देकर बाहर निकाल दिया। इसी दौरान झगड़ा शुरू हुआ और मारपीट में सोनू और उनके भाई के सिर में गंभीर चोट लगी।
घटना की सूचना पाकर जीआरपी के जवान मौके पर पहुंचे और भगदड़ के दौरान आधा दर्जन लोगों को पकड़ लिया। घायल व्यक्तियों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।





