BY: Yoganand Shrivastva
तमिलनाडु: शिवगंगा जिले में रविवार को दो राज्य परिवहन निगम की बसों के बीच जबरदस्त आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि दोनों बसें पूरी तरह चकनाचूर हो गईं और सड़क पर दिल दहला देने वाला मंजर दिखाई दिया। हादसे में 11 यात्रियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जिनमें 8 महिलाएं और एक बच्चा भी शामिल है।
घटनास्थल पर चीख-पुकार, यात्री खिड़कियों से कूदकर बचाते रहे जान
टक्कर के बाद बसों की हालत ऐसी थी कि कई यात्री टूटे हुए शीशों और खिड़कियों से कूदकर अपनी जान बचाते नजर आए। सड़क पर जगह-जगह घायल लोग पड़े थे और मृतकों के शव बिखरे हुए थे। यह दृश्य देखने वालों की रूह कांप गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और आपदा राहत टीम को सूचना दी।
कराईकुडी से 15 किलोमीटर दूर हुआ हादसा
जिले के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना कराईकुडी शहर से करीब 15 किलोमीटर दूर हुई। अधिकारी के अनुसार, मरने वालों में 8 महिलाएं, 2 पुरुष और एक बच्चा शामिल है।
20 से अधिक गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती
हादसे में 20 से ज्यादा लोग बुरी तरह जख्मी हुए हैं। सभी घायलों को नजदीकी सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। अधिकारी ने कहा कि यह सीधी टक्कर थी, लेकिन इसके पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।





