Mohit Jain
1. रायपुर में ठंड बढ़ी, 12 जगहों पर अलाव की व्यवस्था
छत्तीसगढ़ में सर्दी लगातार बढ़ रही है। अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि रायगढ़ में भी पारा लुढ़क गया है। रायपुर नगर निगम ने शहर में 12 स्थानों पर अलाव की व्यवस्था की है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक इसी तरह की ठंड बने रहने की संभावना जताई है।
2. ज्वेलरी शॉप में गन प्वाइंट पर 13 लाख की लूट
राजधानी में एक ज्वेलरी दुकान पर बदमाशों ने गन प्वाइंट पर 13 लाख के सोने-चांदी के गहने लूट लिए। वारदात के दौरान दुकान में सोफे पर सो रही एक बच्ची भी थी लेकिन उसे नुकसान नहीं पहुंचा। तीन आरोपियों में से दो MP के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
3. अमित बघेल की गिरफ्तारी, रायपुर में समर्थकों का रोड जाम
हेट स्पीच मामले में आरोपी अमित बघेल को थाने से 20 मीटर पहले ही पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के विरोध में समर्थकों ने रायपुर की GE रोड पर करीब तीन घंटे जाम लगाया। आज वे अपनी मां के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे।
4. बिलासपुर में दिन में भी महसूस हुई ठंड
बिलासपुर में इस सीजन पहली बार दोपहर में भी ठंड महसूस की गई। न्यूनतम तापमान में एक डिग्री की बढ़ोतरी जरूर हुई, लेकिन अधिकतम तापमान गिरने से लोगों को राहत नहीं मिली। मौसम में ठंडक बढ़ने के संकेत साफ हैं।
5. कारोबारी ठिकानों पर IT रेड, डिजिटल साक्ष्य जब्त
कर विभाग ने प्रदेश के कई कारोबारियों के ठिकानों पर छापेमारी कर डिजिटल फाइलें और दस्तावेज जब्त किए। हवाला के जरिए लेनदेन का शक जताया गया है। जांच लगभग 14 घंटे चली और अधिकारियों ने बयान के लिए संबंधित लोगों को ऑफिस बुलाया है।
6. रायपुर में ढाई लाख के ड्रग्स के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
रायपुर के साइंस कॉलेज के पास पुलिस ने घेराबंदी कर दो आरोपियों को पकड़ा जो ढाई लाख रुपए के ड्रग्स बेचने की कोशिश कर रहे थे। दोनों ग्राहक तलाश रहे थे और पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी।
7. महिला टेलर को धमकाने का मामला, आरोपी फरार
छत्तीसगढ़ में एक युवक ने लेडीज टेलर को फोन कर अश्लील बातें कीं और सेक्स की मांग ठुकराने पर धमकी दी कि वह उसे उठा लेगा। आरोपी अलग-अलग नंबरों से उसके पति को भी जान से मारने की धमकी दे रहा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
8. रायपुर जिले में 1500 क्विंटल अवैध धान जब्त
जिले में 13 नवंबर से 1 दिसंबर तक चले अभियान में 1500 क्विंटल अवैध धान जब्त किया गया। इस दौरान 42 मामलों में कार्रवाई हुई। प्रशासन ने अवैध परिवहन और खरीद-फरोख्त पर निगरानी बढ़ा दी है।
9. कांग्रेस का प्रदेश स्तरीय ट्रेनिंग कैंप आज से शुरू
रायपुर में कांग्रेस का ट्रेनिंग कैंप आयोजित किया जा रहा है। इसमें नए अध्यक्षों को संगठन चलाने के तरीके और रणनीतियों की ट्रेनिंग दी जाएगी। राहुल गांधी भी संगठन संचालन पर सुझाव देंगे।
10. कम क्षमता की मोटरों ने बढ़ाई बिजली की खपत, 22 निकायों पर असर
एक रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि कई नगर निकायों में कम क्षमता की मोटरों के उपयोग से बिजली की खपत बढ़ी, जिससे 22 निकायों को करीब 20 करोड़ रुपए की आर्थिक चपत लगी है। ऊर्जा विभाग इस पर सुधारात्मक कार्रवाई की तैयारी कर रहा है।





