Mohit Jain
T20 WC 2026: भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए आज यानी 20 दिसंबर को टीम इंडिया का ऐलान किया जाएगा। मुंबई में बीसीसीआई मुख्यालय पर चयन समिति की बैठक होगी, जिसकी अध्यक्षता चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर करेंगे। बैठक के बाद दोपहर डेढ़ बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारतीय स्क्वॉड की घोषणा की जाएगी।
T20 WC 2026: अजीत अगरकर और चयन समिति पर टिकी नजरें

मुंबई में होने वाली इस अहम बैठक में चयन समिति के सभी पांच सदस्य मौजूद रहेंगे। मौजूदा कप्तान सूर्यकुमार यादव के भी बैठक और प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल होने की संभावना है। बीसीसीआई ने पहले ही साफ कर दिया है कि टीम के ऐलान के दौरान सूर्यकुमार यादव भी मीडिया से बातचीत करेंगे।
T20 WC 2026: कप्तान सूर्यकुमार यादव की खराब फॉर्म बनी चिंता
टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव की फॉर्म पिछले कुछ महीनों से चिंता का विषय बनी हुई है। भारत और साउथ अफ्रीका के बीच अहमदाबाद में खेले गए आखिरी टी20 मैच में भारत ने 30 रन से जीत जरूर दर्ज की, लेकिन कप्तान सूर्यकुमार यादव एक बार फिर नाकाम रहे और 7 गेंदों में सिर्फ 5 रन बनाकर आउट हो गए।

पूरी सीरीज और साल में नहीं चला बल्ला
इस पूरी टी20 सीरीज में सूर्यकुमार यादव 4 पारियों में सिर्फ 34 रन ही बना सके। इतना ही नहीं, उनका पूरा साल भी बेहद खराब रहा है। उन्होंने इस साल 21 पारियों में महज 218 रन बनाए हैं। उनका औसत 13.62 और स्ट्राइक रेट 123 का रहा है, जबकि वह एक भी अर्धशतक नहीं लगा सके।
कप्तानी बरकरार रखने पर उठे सवाल
खराब फॉर्म को देखते हुए सवाल उठ रहे हैं कि क्या सूर्यकुमार यादव को कप्तान बनाए रखना सही फैसला होगा। अगर वर्ल्ड कप में भी उनकी फॉर्म ऐसी ही रहती है, तो उन्हें प्लेइंग इलेवन से बाहर करना मुश्किल हो जाएगा, जो टीम इंडिया के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है।
क्या छीनी जा सकती है सूर्या की कप्तानी?
चर्चा है कि चयन समिति कोई बड़ा और चौंकाने वाला फैसला ले सकती है। हार्दिक पंड्या का नाम भी विकल्प के तौर पर सामने आ रहा है, जिन्होंने हालिया सीरीज में बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों से शानदार प्रदर्शन किया है। हालांकि कोच गौतम गंभीर और अजीत अगरकर के अब तक के रुख को देखते हुए ऐसा माना जा रहा है कि वर्ल्ड कप के इतने करीब कप्तानी में बदलाव की संभावना बेहद कम है।
वर्ल्ड कप के बाद बदल सकता है कप्तान
पीटीआई की एक रिपोर्ट के मुताबिक सूर्यकुमार यादव की कप्तानी सिर्फ टी20 वर्ल्ड कप 2026 तक ही सीमित रह सकती है। उनकी खराब फॉर्म और बढ़ती उम्र इसकी बड़ी वजह मानी जा रही है। फिलहाल सूर्यकुमार यादव 35 साल के हैं और अगले टी20 वर्ल्ड कप के समय उनकी उम्र 37 साल होगी।
शुभमन गिल भी सवालों के घेरे में
सिर्फ कप्तान ही नहीं, बल्कि उप-कप्तान शुभमन गिल की फॉर्म भी चिंता का कारण बनी हुई है। गिल इस साल टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक भी अर्धशतक नहीं लगा सके हैं। इसके बावजूद उनके टीम से बाहर होने की संभावना कम मानी जा रही है, जिससे यशस्वी जायसवाल जैसे खिलाड़ियों को फिर से बाहर बैठना पड़ सकता है।
कई खिलाड़ियों को रहना पड़ सकता है रिजर्व में
संभावना है कि यशस्वी जायसवाल, नीतीश कुमार रेड्डी, रिंकू सिंह और मोहम्मद सिराज जैसे खिलाड़ियों को मुख्य टीम में जगह न मिल पाए और उन्हें रिजर्व खिलाड़ियों के तौर पर संतोष करना पड़े।

यह खबर भी पढ़ें: IND vs SA 5th T20: हार्दिक पांड्या ने 16 गेंदों में अर्धशतक जड़कर साउथ अफ्रीकी गेंदबाजों की उड़ाई नींद, अभिषेक शर्मा को छोड़ा पीछे
टीम इंडिया का संभावित स्क्वॉड
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल (उप-कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), संजू सैमसन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह।





