पुडुचेरीः केन्द्र शासित प्रदेश पुडुचेरी के कराईकल से श्रीलंका की नौसेना ने 13 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि भारतीय मछुआरों श्रीलंका की सीमा पर चले गए थे जिसके चलते श्रीलंका की नौसेना ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। बता दें कि इस मामले में केंद्र सरकार के हस्तक्षेप की मांग की जा रही है।
केंद्र से हस्तक्षेप की मांग
जानकारी के मुताबिक, केंद्रशासित प्रदेश पुडुचेरी के कराईकल से श्रीलंकाई नौसेना ने उसके जल क्षेत्र में प्रवेश करने का आरोप लगाते हुए 13 भारतीय मछुआरों को गिरफ्तार कर लिया है। पुडुचेरी सरकार के एक अधिकारी ने जानकारी दी है कि प्रदेश सरकार मछुआरों और उनकी नौकाओं को छुड़ाने के लिए केंद्र सरकार से हस्तक्षेप करने की मांग करेगी।
विदेश मंत्री के संपर्क में हैं: मंत्री
पुडुचेरी के अधिकारी ने बताया है कि श्रीलंकाई नौसेना द्वारा गिरफ्तार किए गए मछुआरों के नाम पता लगाया जा रहा है। वहीं, इस घटना को लेकर पुडुचेरी के मत्स्य पालन मंत्री केण्लक्ष्मीनारायणन का बयान भी सामने आया है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार मछुआरों और उनकी नौकाओं की रिहाई के लिए विदेश मंत्री के साथ संपर्क में है।





