Sports Ground Protest : भोपाल के शासकीय मोतीलाल विज्ञान महाविद्यालय (MVM) के खेल मैदान की भूमि मेट्रो स्टेशन के लिए अधिग्रहित किए जाने के प्रस्ताव का विरोध तेज हो गया है। सोमवार को महाविद्यालय के पूर्व और वर्तमान विद्यार्थियों ने खेल मैदान में प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मैदान को सुरक्षित रखने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने बैनर और नारेबाजी के जरिए अपनी नाराजगी जाहिर की।

Sports Ground Protest : पूर्व छात्रों ने खेल मैदान बचाने की लगाई गुहार
शासकीय मोतीलाल विज्ञान महाविद्यालय पूर्व विद्यार्थी संगठन के बैनर तले आयोजित प्रदर्शन में बड़ी संख्या में पूर्व छात्र शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में “MVM खेल मैदान की गुहार… मेट्रो, मेलों, पार्किंग से मुक्त रखो श्रीमान” लिखे बैनर लेकर सरकार से खेल मैदान को बचाने की अपील की।पूर्व छात्रों का कहना है कि यदि मेट्रो स्टेशन के लिए मैदान की भूमि अधिग्रहित की जाती है तो भविष्य में वहां पार्किंग और अन्य सुविधाएं भी विकसित होंगी, जिससे खेल मैदान का स्वरूप पूरी तरह प्रभावित हो जाएगा।
Sports Ground Protest : ‘मेट्रो स्टेशन के लिए वैकल्पिक भूमि उपलब्ध’
प्रदर्शन कर रहे पूर्व विद्यार्थियों ने कहा कि कॉलेज परिसर के आसपास मेट्रो स्टेशन के लिए अन्य वैकल्पिक स्थान उपलब्ध हैं। ऐसे में खेल मैदान की जमीन लेने की आवश्यकता नहीं है। उनका कहना है कि सरकार को छात्रों के हित और खेल गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए किसी दूसरे स्थान का चयन करना चाहिए।
Sports Ground Protest : राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी दे चुका है MVM का मैदान
पूर्व छात्रों ने बताया कि मोतीलाल विज्ञान महाविद्यालय का यह खेल मैदान वर्षों से खेल प्रतिभाओं को तैयार करता रहा है। यहां से कई खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बना चुके हैं। आज भी कॉलेज के खिलाड़ी और विद्यार्थी नियमित रूप से इसी मैदान पर अभ्यास करते हैं। उनका कहना है कि यदि मैदान का क्षेत्र कम हुआ तो भविष्य की खेल प्रतिभाओं पर इसका सीधा असर पड़ेगा।
Sports Ground Protest : मैदान का चक्कर लगाकर किया विरोध प्रदर्शन
प्रदर्शन के बाद पूर्व और वर्तमान विद्यार्थियों ने हाथों में बैनर लेकर पूरे खेल मैदान का चक्कर लगाया और नारेबाजी की। उन्होंने सरकार से मांग की कि खेल मैदान को किसी भी प्रकार के निर्माण कार्य से मुक्त रखा जाए और मेट्रो स्टेशन के लिए वैकल्पिक स्थान तय किया जाए।
Sports Ground Protest : कई पूर्व छात्र और पदाधिकारी रहे मौजूद
प्रदर्शन में एमवीएम एलुमिनी एसोसिएशन के उपाध्यक्ष डॉ. संतोष कटियार और प्रलय श्रीवास्तव, महासचिव सुभाष व्यास, कार्यकारिणी सदस्य उपेन्द्र तौमर, धर्मेन्द्र खंडेलवाल, आलोक श्रीवास्तव, सत्येन्द्र चौरसिया, अभिषेक द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में पूर्व छात्र उपस्थित रहे। इसके अलावा अरविंद गुप्ता, चंद्रशेखर धाकड़ (खेल अधिकारी), वसीम खान, राजीव दिवाकर, आर.एस. रघुवंशी, महेश नेमा, डी.एस. निगम, लोकेन्द्र रोहित, अनूप दांगी, मंगल सिंह, सिद्धांत जैन, मोहन सिंह, सुधांशु भाटी, फिरोज खान, फैजान समेत अनेक पूर्व विद्यार्थियों ने प्रदर्शन में भाग लिया।
Sports Ground Protest : सरकार से निर्णय पर पुनर्विचार की मांग
प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मांग की है कि खेल और शिक्षा के हित को ध्यान में रखते हुए MVM के ऐतिहासिक खेल मैदान को सुरक्षित रखा जाए। उनका कहना है कि विकास परियोजनाएं जरूरी हैं, लेकिन खेल सुविधाओं की कीमत पर नहीं। यदि आवश्यकता पड़ी तो भविष्य में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
read more : MP Industrial Development : उद्योगों की नई राजधानी बनने की राह MP,मध्यप्रदेश बन रहा निवेशकों की पहली पसंद

