South California: अमेरिका के साउथ कैलिफोर्निया में खतरनाक केमिकल रिसाव की घटना सामने आने के बाद प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। ऑरेंज काउंटी के गार्डन ग्रोव इलाके में स्थित एक एयरोस्पेस प्लास्टिक फैक्ट्री में रसायन से भरे टैंक में लीकेज होने के कारण हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा जा रहा है। हालात को देखते हुए करीब 40 हजार लोगों को इलाका खाली करने के आदेश जारी किए गए हैं।
South California: मिथाइल मेथैक्रिलेट के टैंक में बढ़ा तापमान
जानकारी के अनुसार फैक्ट्री में प्लास्टिक के पुर्जे बनाने में इस्तेमाल होने वाला मिथाइल मेथैक्रिलेट नामक केमिकल बड़े भंडारण टैंक में रखा गया था। अधिकारियों ने बताया कि लगभग 22,700 से 26,500 लीटर रसायन से भरा यह टैंक अत्यधिक गर्म हो गया, जिसके बाद उससे जहरीली वाष्प हवा में फैलने लगी।
दमकल विभाग के मुताबिक यह केमिकल अत्यधिक ज्वलनशील है और टैंक में दबाव बढ़ने से विस्फोट का खतरा भी बना हुआ है।
South California: स्थानीय लोगों को तुरंत शहर छोड़ने के निर्देश
घटना के बाद प्रशासन ने गार्डन ग्रोव शहर के निवासियों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर जाने के निर्देश दिए। अधिकारियों का कहना है कि यदि टैंक फटता है या उसमें बड़ी दरार आती है तो खतरनाक केमिकल जमीन पर फैल सकता है, जिससे बड़े इलाके में गंभीर असर पड़ सकता है।
ऑरेंज काउंटी के अग्निशमन प्रमुख क्रेग कोवे ने कहा कि टैंक किसी भी समय टूट सकता है और इसे रोकने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि स्थिति बेहद संवेदनशील बनी हुई है।
South California: पांच अन्य शहरों में भी अलर्ट जारी
केमिकल रिसाव का असर बढ़ने के बाद प्रशासन ने आसपास के पांच अन्य शहरों में भी निकासी आदेश जारी कर दिए हैं। इनमें साइप्रस, स्टैंटन, अनाहेम, ब्यूना पार्क और वेस्टमिंस्टर के कुछ इलाके शामिल हैं। सुरक्षा के मद्देनजर कई स्कूल बंद कर दिए गए हैं और लोगों से घरों के भीतर रहने या सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की गई है।
South California: सैन्य और वाणिज्यिक विमान के पुर्जे बनाती है कंपनी
जिस फैक्ट्री में यह घटना हुई है, वह जीकेएन एयरोस्पेस कंपनी की यूनिट बताई जा रही है। यह कंपनी वाणिज्यिक और सैन्य विमानों के लिए प्लास्टिक और अन्य पुर्जे तैयार करती है। अधिकारियों के मुताबिक रातभर टैंक से रिसाव रोकने की कोशिश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिलने के बाद बड़े पैमाने पर निकासी का फैसला लेना पड़ा।
South California: लगातार जारी है रिसाव रोकने का अभियान
दमकल विभाग और तकनीकी टीमें लगातार मौके पर मौजूद हैं और टैंक का तापमान नियंत्रित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और लोगों की सुरक्षा सबसे बड़ी प्राथमिकता है। फिलहाल आसपास के इलाकों में आपातकालीन सेवाओं को सक्रिय रखा गया है।
read also: बेटे की शादी छोड़ व्हाइट हाउस में रहेंगे Trump, बताई वजह





