मध्यप्रदेश में लगातार शीतलहर का दौर जारी है। मध्यप्रदेश का प्रमुख धार्मिक और टूरिस्ट स्पॉट में से एक अमरकंटक में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। पिछले दो दिनों से क्षेत्र में लगातार शीतलहर का दौर जारी है, और तापमान जीरो डिग्री के आसपास पहुंच चुका है। रविवार सुबह अमरकंटक के नर्मदा तट पर पेड़ों और घास पर बर्फ की सफेद चादर देखने को मिली। रहवासियों के मुताबिक क्षेत्र में शाम होते ही ठंड का प्रकोप बढ़ जाता है, जिससे लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो जाते हैं। ठंड से राहत पाने के लिए स्थानीय लोग और तीर्थयात्री आग जलाकर ठंड से अपना बचाव करते हैं। सुबह और शाम अलाव जलाते लोग रास्तों पर देखे जा सकते है।

अलाव का सहारा ले रहे लोग
अमरकंटक में सर्दियों के मौसम का आनंद लेने के लिए पर्यटन पहुंच रहे हैं। पर्यटक ठंड के इस मौसम का आनंद ले रहे हैं, जबकि स्थानीय निवासियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। अमरकंटक में दिसंबर और जनवरी के महीने में तापमान अक्सर शून्य या उससे भी नीचे चला जाता है, जिससे घास, फूल-पत्तियां और यहां तक कि बाहर रखा पानी भी जम जाता है। पूरा क्षेत्र मानो सफेद चादर में लिपटा हुआ प्रतीत होता है। अमरकंटक की इस कड़ाके की ठंड ने क्षेत्र को अनोखा प्राकृतिक सौंदर्य तो दिया है, लेकिन इसके साथ ही कठिन परिस्थितियां भी उत्पन्न की हैं।

