BY: Yoganand Shrivastva
बॉलीवुड निर्देशक मोहित सूरी की हालिया रिलीज़ ‘सैयारा’ बॉक्स ऑफिस पर धूम मचा रही है। अहान पांडे और अनीत पड्डा स्टारर इस फिल्म ने महज़ 23 दिनों में 500 करोड़ से अधिक की कमाई कर ली है। कहानी, म्यूजिक और अभिनय—हर पहलू ने दर्शकों का दिल जीता है। लेकिन इस सफलता के पीछे एक ऐसा नाम भी है, जो मोहित सूरी की कई हिट फिल्मों में नज़र आ चुका है — शाद रंधावा।
हर हिट फिल्म में मौजूदगी
‘आवारापन’, ‘आशिकी 2’, ‘एक विलेन’ और अब ‘सैयारा’ — इन सभी सफल फिल्मों में शाद रंधावा की मौजूदगी रही है। भले ही उनके रोल बड़े न हों, लेकिन उन्होंने हर बार अपने अभिनय से प्रभाव छोड़ा है। कई दर्शक अब उन्हें मोहित सूरी का “लकी चार्म” कहने लगे हैं। हालांकि, शाद इस बात से सहमत नहीं हैं। उनका कहना है कि वह खुद को किसी का भाग्यशाली तावीज़ नहीं मानते, बल्कि खुश हैं कि उन्हें मोहित सूरी की सफल फिल्मों का हिस्सा बनने का मौका मिला।
डेब्यू भी मोहित सूरी के साथ
शाद रंधावा का फ़िल्मी सफर 2006 में मोहित सूरी निर्देशित ‘वो लम्हे’ से शुरू हुआ। इसके बाद उन्होंने ‘आशिकी 2’, ‘एक विलेन’, ‘एक विलेन रिटर्न’ और ‘मलंग’ जैसी फिल्मों में काम किया, जो बॉक्स ऑफिस पर सफल साबित हुईं। मोहित सूरी की फिल्मों के अलावा शाद ने ‘सत्यमेव जयते 2’, ‘रोक’, ‘सांड की आंख’ और ‘मुंबई सागा’ में भी अभिनय किया है।
मुमताज से पारिवारिक रिश्ता
शाद रंधावा का फिल्मी बैकग्राउंड भी काफ़ी दिलचस्प है। वह अभिनेता और पहलवान रंधावा तथा अभिनेत्री मलिका अस्करी रंधावा के बेटे हैं। मलिका, 60-70 के दशक की मशहूर अदाकारा मुमताज की बहन हैं, इस तरह शाद, मुमताज के भांजे हैं। शाद अपनी मौसी मुमताज के बेहद करीब हैं और अक्सर उनके साथ तस्वीरें साझा करते रहते हैं।
उनके पिता रंधावा न सिर्फ अभिनेता थे बल्कि मशहूर पहलवान और दारा सिंह के भाई भी थे। इस नाते शाद, दारा सिंह के भतीजे और अभिनेता विंदू दारा सिंह के चचेरे भाई हैं।





