BY: Yoganand Shrivastva
उत्तर भारत में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है और मौसम पूरी तरह सर्दी की चपेट में है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार में घना कोहरा है, जबकि उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि तापमान आने वाले दिनों में और गिर सकता है।
दिल्ली और NCR का हाल
दिल्ली-एनसीआर में ठंड का असर लगातार बढ़ रहा है। राजधानी में न्यूनतम तापमान लगभग 9.6°C दर्ज किया गया। IMD ने बताया कि 3 दिसंबर को दिल्ली सबसे ठंडी जगहों में शामिल रहेगी और रात का तापमान 7°C तक गिर सकता है। गाजियाबाद, गुड़गांव, फरीदाबाद और ग्रेटर नोएडा में रात का तापमान 9°C तक रहने की संभावना है, जबकि नोएडा में न्यूनतम तापमान 10°C के आस-पास रहेगा। अधिकतम तापमान 24–26°C के बीच रहने की उम्मीद है।
उत्तर प्रदेश में ठंड का असर
उत्तर प्रदेश के कानपुर, आगरा, इटावा समेत कई जिलों में कोहरा और सर्दी ने लोगों को जकड़ लिया है। दिन की शुरुआत कोहरे के साथ हो रही है और सुबह-शाम तापमान काफी कम है। मौसम विभाग ने चेताया है कि आने वाले दिनों में शीतलहर और तेज हो सकती है।
बिहार में रिकॉर्ड तोड़ ठंड
बिहार में 23 जिलों में घना कोहरा छाया हुआ है। इनमें पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, मुजफ्फरपुर, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और जमुई शामिल हैं। कई जगहों पर विजिबिलिटी केवल 500 मीटर तक रह गई है। मौसम विभाग ने बताया कि तापमान आने वाले दिनों में और नीचे जा सकता है।
उत्तराखंड और पहाड़ी क्षेत्रों की स्थिति
उत्तराखंड में पर्वतीय इलाकों में ठंड का असर तेज है। देहरादून, ऋषिकेश, हरिद्वार और हल्द्वानी जैसे मैदानी इलाकों में सुबह का न्यूनतम तापमान 5°C से 8°C के बीच रह सकता है। मसूरी, नैनीताल, चमोली, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी जैसे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तापमान 1°C से 4°C तक गिर सकता है। IMD ने पाला जमने की संभावना जताई है और 4 दिसंबर से कुछ जगहों पर हल्की बर्फबारी का अनुमान है।
5 दिसंबर को सतर्क रहें
IMD ने 5 दिसंबर को दिल्ली के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दिन सुबह कोहरे के साथ शीतलहर की संभावना है और न्यूनतम तापमान और कम रह सकता है। लोगों को विजिबिलिटी कम रहने और अत्यधिक ठंड के मद्देनजर सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।





