BY: Yoganand Shrivastva
ग्वालियर: केंद्रीय संचार एवं उत्तर पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्री और गुना सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया दुबई से लौटते ही ग्वालियर अंचल के 5 दिवसीय प्रवास पर आ रहे हैं। वे मंगलवार दोपहर 3:30 बजे दिल्ली से ग्वालियर पहुंचेंगे।
प्रवास के पहले दिन सिंधिया धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों में शामिल होंगे। वे शाम को ग्वालियर में सूफी संत मंसूर शाह औलिया की दरगाह पर जाकर प्रार्थना करेंगे। इसके बाद नई सड़क चंपाबाग धर्मशाला में जैन समाज के ‘क्षमावाणी पर्व’ में भाग लेंगे और जैन मुनिश्री से आशीर्वाद लेंगे। बता दें कि केंद्रीय मंत्री एक दिन पहले ही दुबई में आयोजित 28वें यूनिवर्सल पोस्टल कांग्रेस में भारत का नेतृत्व करते हुए UPI–UPU इंटीग्रेशन प्रोजेक्ट का हिस्सा बने थे।
सिंधिया जय विलास पैलेस में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और आमजन से भी मिलेंगे, उनकी समस्याएं सुनेंगे और संवाद करेंगे। इसके लिए शाम 4 से 5 बजे का समय निर्धारित किया गया है।
प्रवास के दूसरे दिन, बुधवार को, वे शिवपुरी-अशोक नगर और गुना के विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और सरकारी कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए रवाना होंगे। पहले दिन ग्वालियर में सभी कार्यक्रमों के बाद वे वहीं विश्राम करेंगे।





