Saharanpur Road Accident : आसफगढ़-पापड़ी पुलिया के पास हुआ हादसा, मौके पर तोड़ा दम
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के तीतरों थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसा आसफगढ़-पापड़ी पुलिया के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक सवार युवक को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक सड़क पर उछलकर गिर पड़ा और सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान आसफगढ़ गांव निवासी रवित के रूप में हुई है। वह रविवार सुबह बाइक से काम पर जा रहा था, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

Saharanpur Road Accident : परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसका पीछा करने की कोशिश की, लेकिन वह भागने में सफल रहा। परिजनों ने बताया कि रवित चार भाइयों में सबसे छोटा था और बागों में मजदूरी कर परिवार की आर्थिक मदद करता था। शनिवार को ही वह घर लौटा था और रविवार सुबह काम पर जाते समय हादसे का शिकार हो गया। उसकी मौत से परिवार और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने अज्ञात पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

