BY: Yoganand shrivastva
पाकिस्तान में हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं और राजनीतिक उथल-पुथल के बीच गृह युद्ध जैसी स्थिति बनने का खतरा बढ़ गया है। पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के समर्थक अडियाला जेल की ओर रैली निकालने की तैयारी कर रहे हैं, वहीं उनकी बहन नोरीन नियाज़ी ने आरोप लगाया है कि जेल में इमरान पर अत्याचार हो रहा है और उन्हें अलग-थलग कर दिया गया है।
इसी तनावपूर्ण माहौल के बीच पाकिस्तानी मीडिया ने बताया कि शहबाज़ शरीफ लाहौर में नवाज शरीफ से मुलाकात करने पहुंचे हैं। दावा किया जा रहा है कि यह मुलाकात सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर से जुड़ी फाइलों और उनके सीडीएफ नोटिफिकेशन पर संभावित फैसले से जुड़ी है। खबरों के अनुसार नोटिफिकेशन जारी होने तक किसी को भी इमरान खान से मिलने की अनुमति नहीं दी जा रही है।
सूत्रों का कहना है कि पाकिस्तान में कुछ अहम सैन्य पद खाली हैं, जिनमें वाइस चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ, स्ट्रेटेजिक कमांड के प्रमुख और ISI चीफ का पद शामिल है। स्ट्रेटेजिक कमांड की जिम्मेदारी परमाणु हथियारों से जुड़ी होने के कारण इसे बेहद संवेदनशील माना जाता है। मुनीर इन नियुक्तियों और अपने नोटिफिकेशन का इंतजार कर रहे हैं, जबकि देरी को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज है। इस बीच गृहमंत्री मोहसिन नकवी ने कहा है कि नोटिफिकेशन में हो रही देरी कोई मुद्दा नहीं है।
दूसरी तरफ, अडियाला जेल के बाहर इमरान समर्थक जोरदार प्रदर्शन की तैयारी कर रहे हैं। PTI के सांसद और विधायक जेल की ओर बढ़ने वाले हैं, जबकि प्रशासन ने टकराव की आशंका के चलते सुरक्षा बलों को चप्पे-चप्पे पर तैनात कर दिया है। इमरान की बहनें भी जेल पहुंच चुकी हैं और परिवार की मांग है कि उन्हें मुलाकात का अधिकार दिया जाए।
इस्लामाबाद से रावलपिंडी तक तनाव चरम पर है और हालात किसी भी समय गंभीर रूप ले सकते हैं। आज होने वाली बैठकों और संभावित फैसलों पर पूरे देश की नजर टिकी हुई है।





