रिपोर्ट- प्रवींस मनहर, एडिट- विजय नंदन
रायपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज ओडिशा के नुआपाड़ा विधानसभा उपचुनाव के प्रचार के लिए रवाना हुए। रवाना होने से पहले एयरपोर्ट पर मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि नुआपाड़ा में पहले से ही बीजेपी की सरकार है, इसलिए इस उपचुनाव में भी पार्टी की जीत तय है। उन्होंने कहा कि लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा की नीतियों पर भरोसा कर रहे हैं।

किसानों के रकबा कम होने के सवाल पर बोले सीएम
मुख्यमंत्री साय ने प्रदेश में किसानों की जमीन (रकबा) कम दर्ज होने की शिकायतों पर भी जवाब दिया। उन्होंने कहा, “ऐसी बात नहीं है। कुछ किसानों की शिकायतें जरूर आई थीं, लेकिन अब स्थिति सुधर गई है। एग्रीस्टैक पोर्टल में किसानों का पंजीयन जारी है और इस बार पिछले साल की तुलना में एक लाख से ज्यादा किसानों ने पंजीयन कराया है।”
उन्होंने यह भी कहा कि अगर किसी किसान की जमीन के रकबे में त्रुटि रह गई है, तो संबंधित अधिकारी को सूचित किया जाए, वह तुरंत सुधार कर देगा।
बिहार चुनाव पर बोले, एनडीए की सरकार बन रही है
बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री साय ने कहा, “एनडीए की सरकार बन रही है। जनता का भरोसा मोदी जी पर है।” उन्होंने तंज करते हुए कहा कि पहले बिहार में ‘पशु चारा’ ही खा जाते थे, अब वहां विकास की बात हो रही है।





