रिपोर्टर – कुशल चोपड़ा
21 मामलों में ₹7800 का चालान वसूला गया
बीजापुर जिले में यातायात पुलिस द्वारा दो-पहिया और चार-पहिया वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने का अभियान लगातार जारी है। पुलिस का उद्देश्य केवल चालानी कार्रवाई करना नहीं, बल्कि जनजागरूकता फैलाकर सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ बनाना है।
नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई
हाल ही में जिले के विभिन्न स्थलों पर विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 21 वाहन चालकों पर ₹7800/- का चालान काटा गया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र यादव के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना, यातायात नोडल अधिकारी विनीत साहू, और यातायात प्रभारी उप निरीक्षक केशव ठाकुर के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
ये रहे प्रमुख उल्लंघन
अभियान के दौरान जिन मामलों में चालानी कार्रवाई की गई, उनमें मुख्यतः निम्नलिखित यातायात उल्लंघन शामिल थे:
बिना हेलमेट वाहन चलाना
बिना सीट बेल्ट चार-पहिया वाहन संचालन
वाहन में अवैध रूप से हूटर/एलईडी लाइट लगाना
बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाना
वाहनों में ओवरलोडिंग
मोबाइल का उपयोग करते हुए वाहन चलाना
सड़क सुरक्षा को लेकर जनजागरूकता
बीजापुर यातायात पुलिस का कहना है कि चालानी कार्रवाई केवल एक साधन है, मूल उद्देश्य लोगों में सड़क सुरक्षा के प्रति चेतना विकसित करना है। इसी उद्देश्य से निरंतर जनजागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं, जिसमें आम नागरिकों को यातायात नियमों का महत्व बताया जा रहा है।
आमजन से अपील
बीजापुर पुलिस ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करें। इससे न केवल उनकी स्वयं की, बल्कि अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की भी जान बचाई जा सकती है।