BY: Yoganand Shrivastva
नई दिल्ली: एआईएमआईएम के अध्यक्ष और हैदराबाद से सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर के हालिया बयानों पर कड़ा प्रहार किया है। उन्होंने मुनीर की परमाणु हमले संबंधी धमकी को “अशोभनीय और गैर-जिम्मेदाराना” बताते हुए उन्हें ‘सड़कछाप आदमी’ जैसा व्यवहार करने वाला करार दिया।
ओवैसी का बयान
ओवैसी ने कहा कि पाकिस्तान आर्मी चीफ के बयान न केवल निंदनीय हैं बल्कि भारत के खिलाफ लगातार उकसावे का हिस्सा हैं। उन्होंने चिंता जताई कि यह बयान अमेरिका से दिया गया, जो भारत का रणनीतिक साझेदार है। उनके अनुसार, पाकिस्तान की सेना और उसके ‘डीप स्टेट’ से जारी खतरों को देखते हुए भारत को अपने रक्षा बजट में वृद्धि करनी चाहिए ताकि किसी भी परिस्थिति का सामना करने के लिए तैयार रहा जा सके।
असीम मुनीर की धमकी
जनरल असीम मुनीर ने हाल ही में भारत को परमाणु हमले की चेतावनी दी थी। उन्होंने कहा था कि पाकिस्तान परमाणु हथियारों से लैस है और यदि उसका अस्तित्व खतरे में पड़ा तो वह “आधी दुनिया को अपने साथ ले डूबेगा।” यह बयान अमेरिका के फ्लोरिडा राज्य के टैम्पा शहर में यूएस सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के कमांडर जनरल माइकल कुरिल्ला के विदाई समारोह में दिया गया।
मुनीर ने भारत को चेतावनी देते हुए कहा कि पाकिस्तान सिंधु नदी पर बांध बनने नहीं देगा, और यदि भारत ने ऐसा किया तो वह “10 मिसाइलें दागकर” उसे नष्ट कर देगा। उनका कहना था कि सिंधु नदी केवल भारत की निजी संपत्ति नहीं है और पाकिस्तान के पास मिसाइलों की कोई कमी नहीं है।





