by: vijay nandan
MP Heli Tourism : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राजकीय विमानतल, भोपाल से “पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा” के अंतर्गत नए सेक्टर ‘भोपाल–चंदेरी–ओरछा’ का हेलीकॉप्टर को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया।

MP Heli Tourism : भोपाल से हेली पर्यटन सेवा को नई उड़ान
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री Dr. Mohan Yadav ने स्टेट हैंगर, भोपाल से “पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा” के तहत नए सेक्टर भोपाल–चंदेरी–ओरछा का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने हेलीकॉप्टर को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और यात्रियों को बोर्डिंग पास भी प्रदान किए।
इस अवसर पर भोपाल नगर निगम की महापौर मालती राय, परिषद के अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी समेत राजधानी के गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

MP Heli Tourism : पर्यटन को मिलेगा बड़ा बढ़ावा
यह नया हेली सेक्टर भोपाल को ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों चंदेरी और ओरछा से सीधे जोड़ता है। इससे प्रदेश में धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को नई गति मिलने की उम्मीद है। साथ ही, यात्रियों को कम समय में बेहतर सुविधाओं के साथ यात्रा का विकल्प मिलेगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि साहस, न्याय और दानशीलता के प्रतीक भगवान श्री परशुराम जी की जयंती के पावन अवसर पर “पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा” के अंतर्गत नए सेक्टर का शुभारंभ प्रदेश के पर्यटन विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण सौगात है।
मध्य प्रदेश सरकार ने पर्यटन और धार्मिक स्थलों को जोड़ने के लिए पीएम श्री हवाई पर्यटन हेलीकॉप्टर सेवा शुरू की है, जो मुख्य रूप से 3 सेक्टर्स में 36 से अधिक शहरों को कवर करती है। यह सेवा PPP मॉडल के तहत 20 नवंबर से शुरू की गई है, जो सप्ताह में 5 दिन उड़ान भरेगी और यात्रियों के लिए आस्था, संस्कृति और पर्यटन का अनुभव आसान बनाएगी।
MP Heli Tourism : सेक्टर-वार हेलीकॉप्टर सेवा का विवरण
सेक्टर-1 (मालवा-निमाड़ बेल्ट): इसमें इंदौर, उज्जैन, ओंकारेश्वर, मांडू, महेश्वर, गांधीसागर, मंदसौर, नीमच, हनुवंतिया, खंडवा, खरगोन, बुरहानपुर, बड़वानी, अलीराजपुर, रतलाम, झाबुआ, नलखेड़ा, भोपाल और जबलपुर शामिल हैं।
सेक्टर-2 (मध्य और उत्तरी बेल्ट): इस सेक्टर में भोपाल, मढ़ई, पचमढ़ी, तामिया, छिंदवाड़ा, सांची, इंदौर, दतिया, दमोह, ग्वालियर, शिवपुरी, कूनो (श्योपुर), ओरछा, गुना, राजगढ़, सागर, होशंगाबाद, बैतूल और जबलपुर शामिल हैं।
सेक्टर-3 (पूर्वी और पर्यटन बेल्ट): इसमें जबलपुर, बांधवगढ़, कान्हा, चित्रकूट, मैहर, सतना, पन्ना, खजुराहो, रीवा, अमरकंटक, सीधी, मंडला, पेंच, डिंडोरी, भोपाल और इंदौर को शामिल किया गया है।

