रायपुर शहर में बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि अब वे सरेआम राह चलती युवतियों से छेड़खानी करने से भी नहीं डर रहे। ताजा मामला अमानाका थाना क्षेत्र का है, जहां एक अज्ञात बाइक सवार युवक ने युवती के साथ छेड़खानी की। पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई है।
गली में घुसकर बचाई इज्जत
मिली जानकारी के अनुसार, यह वारदात टाटीबंध भारत माता स्कूल के सामने गली नंबर 04 की है। जब युवती अकेले सड़क से गुजर रही थी, तभी बाइक सवार बदमाश वहां पहुंचा और उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा। अपनी इज्जत बचाने के लिए युवती पास के एक घर में घुस गई, जिससे वह बड़ी अनहोनी से बच गई।
CCTV में कैद हुई घटना
इस शर्मनाक वारदात का वीडियो इलाके में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गया है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि बदमाश बाइक से आया और युवती के साथ गलत हरकत की। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अज्ञात बदमाश की तलाश की जा रही है। वहीं इलाके के लोगों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस को गली-गली गश्त बढ़ानी चाहिए ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।
महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल
यह घटना एक बार फिर से शहर में महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर रही है। जिस तरह से राह चलती युवतियों को बदमाश अपना निशाना बना रहे हैं, वह बेहद चिंता का विषय है।





