Isa Ahmad
REPORT- IMTIAZ ANSARI
प्रशासनिक टीम ने की मौके पर जांच
मधुपुर नगर परिषद क्षेत्र के अब्दुल अज़ीज़ रोड स्थित पत्थरचपटी मोहल्ले में मौजूद ऐतिहासिक ‘जिंदा तालाब’ पर अवैध अतिक्रमण का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। तालाब में जेसीबी मशीन से मिट्टी भरने की शिकायत मिलते ही प्रशासन सक्रिय हो गया और मौके पर जांच टीम भेजी।
अंचल अधिकारी व नगर परिषद टीम ने किया निरीक्षण
शिकायत मिलने के बाद नगर परिषद की टीम पहले मौके पर पहुंची। इसके बाद अंचल अधिकारी यमुना रवि दास और अंचल निरीक्षक निरंजन रजक दलबल के साथ तालाब स्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अंचल निरीक्षक निरंजन रजक ने स्पष्ट कहा-
“तालाब को भरना पूरी तरह अवैध और गैरकानूनी है। इसके बावजूद मिट्टी भराई की गई है, जिम्मेदार लोगों पर निश्चित रूप से कड़ी कार्रवाई होगी।”
स्थानीय लोगों का आरोप: भूमाफिया सक्रिय, पानी से भरे तालाब को पाटा जा रहा
स्थानीय निवासियों ने बताया कि ‘जिंदा तालाब’ क्षेत्र का सदियों पुराना जल स्रोत है और इसमें हमेशा पर्याप्त पानी रहता है। प्राकृतिक जलधारा अभी भी सक्रिय है।
लोगों का आरोप है-
- भूमाफिया अपने निजी स्वार्थ में तालाब को पाटने की कोशिश कर रहे हैं।
- यदि अवैध भराई को नहीं रोका गया तो गर्मियों में गंभीर जल संकट उत्पन्न हो सकता है।
- तालाब पर अतिक्रमण से स्थानीय पर्यावरण और भूजल स्तर दोनों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
प्रशासन ने शुरू की जांच, कार्रवाई के संकेत
अवैध मिट्टी भराई की पुष्टि के बाद प्रशासन ने मामले की औपचारिक जांच शुरू कर दी है।
संबंधित अधिकारियों ने कहा है कि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में किसी भी सार्वजनिक जल स्रोत पर इस तरह का अतिक्रमण न हो सके।





