Jamtara District Athletics Championship 2026 : जामताड़ा। जामताड़ा जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के तत्वावधान में बुधवार को आउटडोर स्टेडियम में 21वीं जिला एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे 246 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। अंडर-14, अंडर-16, अंडर-18, अंडर-20 सहित पुरुष और महिला वर्ग की विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

Jamtara District Athletics Championship 2026 का हुआ उद्घाटन
जामताड़ा ज़िला एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 का उद्घाटन सेवानिवृत्त शिक्षाविद् डॉ. डीडी भंडारी, भाजपा जिला अध्यक्ष सुमित सरन, डॉ. चंचल भंडारी और जिला खेल समन्वयक ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। आयोजन के दौरान अतिथियों को शॉल और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि डॉ. डीडी भंडारी ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि एथलेटिक्स दुनियाभर में लोकप्रिय खेल है। उन्होंने खिलाड़ियों से अपनी व्यक्तिगत क्षमता और कौशल को निखारने के साथ लगातार अभ्यास करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मेहनत और अनुशासन के जरिए खिलाड़ी अपने लक्ष्य को हासिल कर सकते हैं।
Jamtara District Athletics Championship 2026 : खेल सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर
भाजपा जिला अध्यक्ष सुमित सरन ने कहा कि जामताड़ा में खेलों के लिए आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में जल्द काम किया जाएगा। उन्होंने खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए हरसंभव सहयोग देने की बात कही। सेंट एंथनी स्कूल के निदेशक डॉ. चंचल भंडारी ने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास में शिक्षा के साथ खेलों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। खेलों के माध्यम से बच्चे शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहते हैं। उन्होंने कहा कि बेहतर प्रशिक्षण और मेहनत के दम पर खिलाड़ी जिला और राज्य का नाम रोशन कर सकते हैं।
Jamtara District Athletics Championship 2026 : राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए खिलाड़ियों का चयन
जामताड़ा ज़िला एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 में प्रदर्शन के आधार पर आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए खिलाड़ियों का चयन भी किया गया। जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के सचिव सरोज यादव ने प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग देने वाले अतिथियों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, तकनीकी अधिकारियों और अन्य सहयोगियों का आभार जताया। उन्होंने चयनित खिलाड़ियों से आगामी प्रतियोगिताओं को ध्यान में रखते हुए अभी से तैयारी में जुट जाने की अपील की। उन्होंने बताया कि 21 और 22 अगस्त को धनबाद में आयोजित होने वाली सब-जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में जामताड़ा के चयनित खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
Jamtara District Athletics Championship 2026 : इन खिलाड़ियों ने जीते पदक
प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। 1500 मीटर बालिका वर्ग में आस्थामा मुर्मू ने पहला, सावित्री टुडू ने दूसरा और टोम्बर किस्कू ने तीसरा स्थान हासिल किया। अंडर-18 बालक 100 मीटर दौड़ में छोटू टुडू प्रथम, नावेद खान द्वितीय और बिष्णु राय तृतीय रहे। पुरुष वर्ग की गोला फेंक स्पर्धा में सुमित सिंह ने पहला, सुमित ओझा ने दूसरा और रहमान अंसारी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
Jamtara District Athletics Championship 2026 : बालिका वर्ग में भी खिलाड़ियों ने दिखाया शानदार प्रदर्शन
अंडर-18 बालिका 200 मीटर में नीतू राज ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि मधु कुमारी दूसरे और लक्ष्मी कुमारी तीसरे स्थान पर रहीं। अंडर-14 बालिका भाला फेंक स्पर्धा में तोनी घोष ने 16.03 मीटर के प्रदर्शन के साथ पहला स्थान हासिल किया। रोशनी कुमारी ने 15.30 मीटर के साथ दूसरा और निशा कुमारी ने 15.20 मीटर के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया।
Jamtara District Athletics Championship 2026 : मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित
जामताड़ा ज़िला एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों में काफी उत्साह देखने को मिला।
आयोजन को सफल बनाने में सुस्मिता खां, सुनील ओझा, सुरेश मिस्त्री, सुमित झा सहित अन्य लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन ने चयनित खिलाड़ियों से आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए नियमित अभ्यास जारी रखने की अपील की।
Read more : Analog Paneer Ban : मध्यप्रदेश में बैन हुआ एनालॉग पनीर,सख्त हुई सरकार, एनालॉग पनीर पर वार

