India GDP Growth : ‘एक तिमाही में GDP बढ़ना ‘आर्थिक वसंत’ नहीं’,निराशा में क्या विपक्ष फैला रहा ‘झूठ की गूंज’ ?
India GDP Growth : एजेंडा में आज बात… भारत की 7.8 परसेंट GDP ग्रोथ की, भारत की अर्थव्यवस्था को मिलती मजबूती की, बात घरेलू मांग से बने विकास का आधार की, और बात निवेश और उत्पादन को मिली रफ्तार की… जीहां वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही याने अप्रैल-जून में भारत की जीडीपी विकास दर 7.8 प्रतिशत दर्ज की गई है, जो वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच देश की मजबूत आर्थिक स्थिति को दर्शाती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे भारत के सामर्थ्य, देशवासियों की मेहनत और आत्मनिर्भरता के संकल्प का परिणाम बताया। कहा कि वैश्विक स्तर पर मंदी और भू-राजनीतिक तनावों के बावजूद भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था बना हुआ है। भारत तेज़ी से विकसित भारत @ 2047 के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है, इस रफ्तार को हमे थमने नहीं देना है। एक बार फिर प्रधानमंत्री ने ‘विकसित भारत @ 2047’ के लक्ष्य को पाने के लिए स्वदेशी अपनाने, वोकल फॉर लोकल को बढ़ावा देने और ‘मेड इन इंडिया’ उत्पादों का उपयोग करने के साथ ही फिजूल खर्ची रोकने पर जोर दिया है। लेकिन देश की इस उपलब्धि और प्रधानमंत्री के बयान पर विपक्ष सवाल खड़े कर रहा है। पूछ रहा है कि बढ़ती महंगाई पर सरकार के पास क्या जवाब है। आंकड़ों और खुद की पीठ थपथपाने से आखिर क्या होगा। अब सवाल यही है कि क्या 7.8 प्रतिशत GDP ग्रोथ,… भारत की अर्थव्यवस्था की ताकत या आंकड़ों पर सियासत ? सरकार की पीठ थपथपाते आंकड़े हैं और विपक्ष के सवालों में रोजगार और आम आदमी की जेब पर बोझ। आखिर GDP ग्रोथ के क्या हैं असली मायने ? इसी मुद्दे पर करेंगे चर्चा लेकिन पहले देखिये ये रिपोर्ट।
India GDP Growth : भारत की अर्थव्यवस्था ने एक बार फिर दुनिया को अपनी मजबूती का संदेश दिया है। वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में भारत की GDP 7.8 प्रतिशत की दर से बढ़ी है। वैश्विक अस्थिरता, युद्ध और सप्लाई चेन की चुनौतियों के बीच आए इन आंकड़ों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की सामूहिक शक्ति और देशवासियों की मेहनत का परिणाम बताया। उन्होंने मंगलवार को सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर कहा कि यह उपलब्धि देशवासियों की इच्छाशक्ति, मेहनत और सामूहिक ताकत का नतीजा है। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विपक्ष को भी निशाने पर लिया कहा कि कुछ लोग निराशा की गर्त में डूबे हुए हैं जो झूठ की गूंज चारों ओर फैला रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो बड़ी उपलब्धि हमने हासिल की है उसे हमे बनाए रखना है।
India GDP Growth : साथ ही प्रधानमंत्री के बयान का सबसे बड़ा संदेश आत्मनिर्भर और घरेलू ताकत पर आधारित अर्थव्यवस्था को लेकर रहा। उन्होंने 7.8 प्रतिशत की वृद्धि का श्रेय देशवासियों के सामूहिक संकल्प और प्रयासों को देते हुए ‘वोकल फॉर लोकल’ और घरेलू खर्च को बढ़ावा देने की अपील भी की है। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत की ओर बढ़ने के लिये हमे इस गति को बना रखना है। प्रधानमंत्री ने एक बार फिर गैर जरूरी खर्चों को कम करने की अपील देश की जनता से की। उन्होंने मेड इन इंडिया, मेक इन इंडिया के संकल्प की बात भी दोहराई।अब भारत की 7.8 % जीडीपी वृद्धि दर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान के बाद देश में राजनीतिक घमासान छिड़ गया है। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि सिर्फ एक तिमाही में 7.8% की ग्रोथ आ जाने से कोई “आर्थिक वसंत” नहीं आ जाता। अन्य नेताओं ने कहा कि यदि देश की जीडीपी वास्तव में बढ़ रही है, तो बाजार में महंगाई क्यों बढ़ रही है और डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया लगातार कमजोर क्यों होता जा रहा है। कांग्रेस ने प्रधानमंत्री के बयान को “लाइट्स, कैमरा और इनएक्शन” करार दिया।
India GDP Growth : तो वहीं सरकार के नेताओं और मंत्रियों ने भारत की इस उपलब्धि पर कहा कि वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच ये आंकड़े यह दर्शाते हैं कि बाकी दुनिया की तुलना में भारत की अर्थव्यवस्था कितनी मजबूत स्थिति में खड़ी है। इस शानदार प्रदर्शन का श्रेय भारत के लोगों और उनकी कड़ी मेहनत को जाता है। NDA सरकार की ओर से किए गए सुधार और अर्थव्यवस्था का कुशल प्रबंधन अच्छे नतीजे दे रहे हैं। बहरहाल अब सियासी आरोप प्रत्यारोप जो भी हों लेकिन भारत की अर्थव्यवस्था ने एक बार फिर अपनी मजबूती का दम दिखाया है। GDP ग्रोथ के ताजा आंकड़ों ने देश की बढ़ती आर्थिक ताकत की तस्वीर सामने रखी है। 7.8 प्रतिशत की GDP वृद्धि बताती है कि वैश्विक चुनौतियों के बीच भी भारत की विकास रफ्तार कायम है।मजबूत घरेलू मांग, बढ़ता निवेश और उत्पादन क्षमता में विस्तार… ये संकेत दे रहे हैं कि भारतीय अर्थव्यवस्था लगातार नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रही है।लेकिन सबसे बड़ा सवाल देश में बढ़ती महंगाई का है। लोगों की जेब पर पड़ते आर्थिक बोझ का है। और सवाल ये है कि क्या 7.8% की ये ग्रोथ विकसित भारत के बड़े लक्ष्य की मजबूत नींव बन रही है।
read more : India vs Afghanistan : अफगानिस्तान के खिलाफ टी-20 सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान, वैभव सूर्यवंशी बरकरार; अय्यर कप्तान, बुमराह की वापसी


