बेमेतरा में खौफनाक हत्या: पड़ोसी ने बुजुर्ग की टंगिया से की निर्मम हत्या

- Advertisement -
Swadesh NewsAd image
Horrible murder in Bemetara: Neighbor brutally murdered an old man with a tangia

हत्या के बाद शव जलाने की कोशिश

रिपोर्टर: संजू जैन, बेमेतरा | दिनांक: 06/04/2025

बेमेतरा जिले से एक बार फिर दिल दहला देने वाली हत्या की वारदात सामने आई है। साजा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम घोटवानी में आपसी रंजिश के चलते एक 70 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान अशोक निर्मलकर के रूप में हुई है, जो पंचायत सचिव विजय निर्मलकर के पिता थे।

जानकारी के अनुसार, मृतक अशोक निर्मलकर और पड़ोसी जीवन वर्मा के बीच पुरानी रंजिश चल रही थी। इसी रंजिश के चलते शनिवार को जीवन वर्मा ने अशोक निर्मलकर पर टंगिया से ताबड़तोड़ वार कर दिया। हमले में टंगिया मृतक के सिर में इतनी जोर से फंसी कि वह वहीं रह गई। इसके बाद आरोपी ने शव को जलाने के इरादे से पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीणों को आता देख वह मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद गांव में भारी आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने आरोपी के घर के सामने प्रदर्शन किया और आरोपी के परिवार को गांव से बाहर करने व घर तोड़ने की मांग करते हुए थाना प्रभारी को कलेक्टर के नाम आवेदन सौंपा। ग्रामीणों की मांग के बाद ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

मौके पर पहुंची पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल टंगिया, पेट्रोल का डिब्बा और माचिस को जब्त कर लिया है। आरोपी जीवन वर्मा के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस तलाश में जुट गई है।

घटना स्थल पर एडिशनल एसपी ज्योति सिंह, एसडीओपी विनय साहू, टीआई चंद्रदेव वर्मा, राकेश साहू सहित थाना व चौकी का पूरा स्टाफ मौजूद रहा। पुलिस ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

यह घटना एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में आपसी रंजिश से उपज रहे हिंसक घटनाओं की ओर इशारा करती है और पुलिस-प्रशासन के लिए चिंता का विषय बनी हुई है।

7 अप्रैल 2025 का राशिफल: आपके सितारों का हाल और उपयोगी सुझाव