Har Ghar Tiranga Campaign : जन-जन से घरों पर तिरंगा लगाने का आहवान,हर भारतीय का अभिमान, हर घर तिरंगा अभियान
Har Ghar Tiranga Campaign : मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आ रहा है। रविवाद को ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत राजधानी में तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसकी अगुवाई मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने की और प्रदेशवासियों का आजीवन देश सेवा का संकल्प लेने के लिए आह्वान किया। भोपाल के टीटी नगर में सीएम मोहन यादव ने तिरंगा यात्रा का नेतृत्व किया और फिर अपने आवास पर राष्ट्रीय ध्वज फहराते हुए राज्य में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की शुरुआत की। 14 अगस्त तक चलने वाले इस अभियान के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आजीवन देश सेवा का संकल्प लेने का आह्वान भी किया। देश भक्ति के गीतों और नारों के बीच सीएम मोहन यादव ने मंच पर तिरंगा लहराया और भारत माता की जय के नारे गूंजे।
Har Ghar Tiranga Campaign : मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘आज हम पूरे देश में ‘तिरंगा यात्राओं’ का आयोजन कर रहे हैं। इन तिरंगा यात्राओं के जरिए देश भर के युवा, महिलाएं, बुजुर्ग, बच्चे और सैनिक एकजुट होंगे और सभी जीवन भर देश की आजादी के लिए समर्पित रहने का संकल्प लेंगे। सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में संपूर्ण देश में आज ‘हर घर तिरंगा’ अभियान शुरू हुआ है। उन्होंने प्रदेशवासियों से हर घर तिरंगा अभियान में शामिल होने का आह्वान किया और साथ ही आजीवन देश की सेवा करते रहने का संकल्प लेने के लिए प्रोत्साहित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पूरी दुनिया बदलते दौर के भारत के सामर्थ्य का अनुभव कर रही है। प्रधानमंत्री सभी वर्गों के कल्याण के लिए संकल्पित होकर आगे बढ़ रहे हैं। 2047 तक अमृतकाल आते-आते भारत अपनी पूर्ण शक्ति के साथ जियो और जीने दो तथा वसुधैव कुटुंबकम् के ध्येय वाक्य के बलबूते पर अपने उद्दात्त विचारों के साथ विश्व का अग्रणी देश बने यही हमारी कामना है।

