Mohit Jain
ग्वालियर के भितरवार क्षेत्र के बीजकपुर गांव में सरकारी जमीन पर रह रहे सहरिया आदिवासी परिवार बुधवार को एसपी ऑफिस पहुंचे। परिवारों का कहना है कि गांव के कुछ लोग जमीन खाली कराने के लिए उन्हें लगातार धमका रहे हैं। आरोप है कि देर रात कुछ लोगों ने पहुंचकर उनकी झोंपड़ियां तोड़ दीं और आग लगा दी, जिससे परिवार बेघर हो गए। स्थानीय पुलिस से शिकायत करने के बावजूद सुनवाई न होने पर पीड़ित परिवार सीधे एसएसपी ऑफिस पहुंचे।
सरकारी जमीन पर दो पक्षों का विवाद
जांच में सामने आया है कि जिस जमीन पर आदिवासी परिवार रह रहा है, उस पर पाल समाज के दो पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा है। मामला कोर्ट तक पहुंच चुका है। इसी विवाद में एक पक्ष ने कथित रूप से आदिवासी परिवारों को मोहरा बनाकर सरकारी जमीन पर बसा दिया, जिससे मामला और जटिल हो गया है। एसएसपी के निर्देश पर भितरवार पुलिस पूरे मामले में जांच कर रही है।

पीड़ितों का आरोप धमकी और मारपीट जारी
पीड़ित महिला विमला का कहना है कि जमीन खाली न करने पर उनकी झोपड़ी पर हमला कर उसे जला दिया गया। आदिवासी रामजीलाल ने बताया कि कुछ लोग हथियार लेकर धमकाते हैं और जगह खाली करने का दबाव बनाते हैं। परिवारों का कहना है कि झोंपड़ी जलाए जाने के बाद वे पूरी तरह बेघर हो गए हैं।
पुलिस ने जांच के दिए निर्देश
एसपी ऑफिस पहुंचे सभी परिवारों की शिकायत पर पुलिस अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया है। ग्वालियर के सीएसपी चंद्रभान सिंह चढ़ार ने बताया कि शिकायत को जांच में लिया गया है और संबंधित थाना प्रभारी को उचित कार्रवाई के निर्देश दे दिए गए हैं।





