Report: mahesh panwar, by: vijay nandan
वन विभाग की बड़कोट रेंज से सटे चकजोगीवाला क्षेत्र में पिछले कई दिनों से गुलदार की सक्रियता बढ़ गई है। घरों के आसपास और आंगनों में इसकी बार-बार उपस्थिति ने ग्रामीणों को दहशत में जीने को मजबूर कर दिया है। ग्रामीणों का आरोप है कि पार्क प्रशासन उनकी सुरक्षा को लेकर पर्याप्त कदम नहीं उठा रहा।
शनिवार देर रात गुलदार नवनीत गुनसोला के घर के आंगन तक पहुंच गया। घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें गुलदार आंगन में घूमता दिखाई देता है। उसी दौरान एक कुत्ता उसे देख लेता है और भौंकने लगता है।

गुलदार कुत्ते पर झपटने की कोशिश करता है, लेकिन आंगन में रखे बर्तन गिरते हैं और उनकी आवाज से वह डरकर वापस जंगल की ओर भाग जाता है। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में भय का माहौल और अधिक बढ़ा दिया है।
वन विभाग ने लगाया पिंजरा, लेकिन गुलदार आ नहीं रहा नजदीक
ग्रामीणों की शिकायत पर वन विभाग ने चार दिन पहले गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया था, लेकिन गुलदार उसके आसपास तक नहीं आ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि वन विभाग की कार्रवाई नाकाफी है और लगातार भय के बीच रहना उनकी मजबूरी बन गया है।





