BY: Yoganand Shrivastva
मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग 14 दिसंबर को फूड एंड सेफ्टी ऑफिसर भर्ती परीक्षा आयोजित करने जा रहा है। 67 पदों के लिए इस बार प्रदेशभर से 48 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। अभ्यर्थी बुधवार से अपने एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। सबसे अधिक परीक्षा केंद्र इंदौर में बनाए जा रहे हैं। आयोग के ओएसडी डॉ. आर. पंचभाई के अनुसार यह वही परीक्षा है जो पिछले वर्ष आयोजित होने से पहले ही रद्द कर दी गई थी। उस समय 120 पदों के लिए जारी भर्ती को शैक्षणिक योग्यता संबंधी त्रुटियों के चलते अप्रैल 2024 में निरस्त कर दिया गया था। नई अधिसूचना के बाद अब परीक्षा दोपहर 12 से 3 बजे तक होगी। आयोग ने नकल रोकने और सुचारु परीक्षा व्यवस्था के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। एडमिट कार्ड पर दिए निर्देशों का पालन अनिवार्य रहेगा। परीक्षा केंद्र में स्मार्ट वॉच, मेटालिक बैंड समेत किसी भी इलेक्ट्रॉनिक या संचार उपकरण को ले जाना प्रतिबंधित रहेगा।





