Development Projects : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में चंडीगढ़ स्थित हरियाणा निवास में आयोजित उच्चाधिकार प्राप्त क्रय समिति (HPPC) और हाई पॉवर्ड वर्क्स परचेज कमेटी (HPWPC) की बैठक में 340 करोड़ रुपये से अधिक के विकास एवं खरीद प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़े महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स पर मुहर लगी। साथ ही बोलीदाताओं के साथ सफल नेगोसिएशन के बाद सरकार ने कुल 15.11 करोड़ रुपये की बचत भी सुनिश्चित की।

Development Projects : मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई अहम बैठक
बैठक में शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल, सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा तथा लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा भी मौजूद रहे। बैठक में विभिन्न विभागों की खरीद और आधारभूत विकास परियोजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
Development Projects : वर्क्स परचेज कमेटी ने 225.76 करोड़ के प्रस्तावों को दी मंजूरी
हाई पॉवर्ड वर्क्स परचेज कमेटी के समक्ष कुल 10 एजेंडा प्रस्तुत किए गए, जिनकी कुल अनुमानित लागत 259.20 करोड़ रुपये थी। एक प्रस्ताव स्थगित होने के बाद शेष 9 प्रस्तावों का मूल्य 225.76 करोड़ रुपये रहा। नेगोसिएशन के बाद इनकी लागत घटकर 217.68 करोड़ रुपये रह गई, जिससे सरकार को 8.08 करोड़ रुपये की बचत हुई।
Development Projects : क्रय समिति ने भी बचाए 7.03 करोड़ रुपये
उच्चाधिकार प्राप्त क्रय समिति के समक्ष पांच प्रस्ताव रखे गए थे। इनमें से एक प्रस्ताव वापस लिए जाने के बाद चार प्रस्तावों की कुल लागत 130.19 करोड़ रुपये रही। सफल वार्ता के बाद इनका संशोधित मूल्य 123.16 करोड़ रुपये तय किया गया, जिससे 7.03 करोड़ रुपये की अतिरिक्त बचत हुई।
Development Projects : बिजली, डेयरी और शहरी विकास परियोजनाओं को मिली स्वीकृति
बैठक में दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के लिए 11 केवी पिल्फर रेजिस्टेंट मीटरिंग क्यूबिकल्स की खरीद को मंजूरी दी गई। वहीं उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के लिए 11 केवी वीसीबी पैनल, कैपेसिटर कंट्रोल पैनल और सब-स्टेशन ट्रांसफॉर्मर पैनलों की खरीद को भी स्वीकृति मिली।इसके अलावा हरियाणा डेयरी विकास सहकारी प्रसंघ लिमिटेड के लिए केंद्र सरकार की एनपीडीडी योजना के तहत पीपीपी मॉडल पर संचालित प्रयोगशाला हेतु आवश्यक उपकरणों की खरीद को भी मंजूरी दी गई।
Development Projects : गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत और पंचकूला में होंगे बड़े विकास कार्य
बैठक में गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण के तहत सेक्टर-78 और 80 के बीच मास्टर रोड एवं सर्विस रोड निर्माण को मंजूरी दी गई।फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण के अंतर्गत विभिन्न सेक्टरों में ग्रीन बेल्ट और पार्कों के लिए छह माइक्रो सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित करने, उनसे संबंधित आधारभूत ढांचे के निर्माण तथा संचालन एवं रखरखाव कार्यों को भी स्वीकृति प्रदान की गई।सोनीपत महानगर विकास प्राधिकरण के तहत कुंडली में सीवर लाइन और मैनहोल निर्माण, खरखौदा में वर्षा जल निकासी व्यवस्था, जीटी रोड से दीवान फार्म तक सड़क चौड़ीकरण तथा 7.50 एमएलडी क्षमता के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और मुख्य पंपिंग स्टेशन के निर्माण कार्यों को भी मंजूरी मिली।
Development Projects : पंचकूला में सीवेज इंफ्रास्ट्रक्चर होगा मजबूत
पंचकूला महानगर विकास प्राधिकरण के अंतर्गत औद्योगिक क्षेत्र फेज-1 और फेज-2 के लिए 20 एमएलडी क्षमता के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, 50 एमएलडी क्षमता के मुख्य पंपिंग स्टेशन, मौजूदा पंपिंग स्टेशन के सुदृढ़ीकरण, 15 एमएलडी प्लांट की क्षमता बढ़ाकर 30 एमएलडी करने तथा पिंजौर-कालका शहरी क्षेत्र के सेक्टर-29 में नए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और पंपिंग स्टेशन के निर्माण को मंजूरी दी गई।
Development Projects : मुख्यमंत्री ने गुणवत्ता और समयबद्ध कार्य पर दिया जोर
बैठक के अंत में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य और सामग्री की आपूर्ति निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप तथा तय समय सीमा में पूरी की जाए। उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाओं में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

