पीड़िता की शिकायत के बाद भी कार्रवाई न होने से सवालों के घेरे में पुलिस
रिपोर्ट- संतोष सराबगी, एडिट- विजय नंदन
डबरा: शहर में एक गंभीर मामला सामने आया है, जहाँ एक युवती ने स्थानीय युवक पर शादी का झांसा देकर लगातार नौ वर्षों तक शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने न केवल उसके साथ दुष्कर्म किया, बल्कि उसकी आपत्तिजनक वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी भी दी। पीड़िता ने बताया कि करीब 9 साल पहले पढ़ाई के दौरान उसकी पहचान नरेंद्र राजौरिया उर्फ ईशू राजौरिया, निवासी वार्ड क्रमांक 4, चीनौर रोड, डबरा से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच दोस्ती बढ़ी और फोन पर बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ।

नशीला पदार्थ पिलाकर किया दुष्कर्म, वीडियो भी बनाया
युवती ने आरोप लगाया कि नरेंद्र उसे अपने घर ले गया, जहां कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया और फिर उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान उसने उसका आपत्तिजनक वीडियो भी बना लिया। जब पीड़िता ने विरोध किया, तो आरोपी ने वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। इसके बाद वह शादी का झांसा देकर लगातार संबंध बनाता रहा।
शादी से मुकरा आरोपी, थाने में नहीं हुई कार्रवाई
वर्ष 2024 में जब पीड़िता ने नरेंद्र पर शादी के लिए दबाव बनाया, तो आरोपी ने उससे संपर्क तोड़ लिया और शादी से इंकार कर दिया। युवती ने आरोप लगाया कि जब वह शिकायत करने थाने पहुंची, तो आरोपी और उसके परिवारवालों ने उस पर दबाव डालकर रिपोर्ट दर्ज नहीं होने दी। पीड़िता के मुताबिक, जुलाई 2025 में आरोपी के पिता ने भी शादी से इनकार कर दिया, जिसके बाद उसने पुलिस अधीक्षक (SP) ग्वालियर को लिखित शिकायत दी। साथ ही डबरा सिटी थाना प्रभारी धर्मेंद्र यादव को भी आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की, लेकिन बावजूद इसके कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
फिलहाल, पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने पीड़िता की शिकायत प्राप्त कर ली है और मामले की जांच प्रारंभ कर दी गई है। हालांकि, थाना स्तर पर कार्रवाई न होने से स्थानीय पुलिस की भूमिका पर सवाल उठने लगे हैं। पीड़िता ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि उसे न्याय मिल सके और इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।





