Isa Ahmad
REPORT- SHAMSHER MALIK
मुरादाबाद के ग्राम जटपुरा में प्रस्तावित स्वास्थ्य उपकेंद्र के निर्माण को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। सैकड़ों ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से प्रदर्शन करते हुए निर्माण कार्य को तत्काल रुकवा दिया। ग्रामीणों के बढ़ते आक्रोश को देखते हुए कार्यदायी संस्था ने बुनियाद खोदने का काम अस्थायी रूप से रोक दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि जिस भूमि पर प्रशासन स्वास्थ्य उपकेंद्र स्थापित कर रहा है, वह भूमि वर्षों से बाजार के रूप में उपयोग में लाई जा रही है।
वर्तमान ग्राम प्रधान पति खूब सिंह उर्फ़ तारा सिंह ने आरोप लगाया कि राजस्व विभाग के अधिकारियों ने बिना ग्राम प्रधान के प्रस्ताव के ही गाटा संख्या 244 को स्वास्थ्य उपकेंद्र के लिए चिन्हित कर दिया। उन्होंने कहा कि अभिलेखों में यह भूमि सन 1936 से बाजार के नाम पर दर्ज है। ग्राम प्रधान पति के अनुसार ग्राम पंचायत में कई अन्य स्थानों पर ग्राम समाज की भूमि उपलब्ध है, फिर भी प्रशासन जानबूझकर ऐसी जगह निर्माण करना चाहता है जिससे सैकड़ों परिवारों की आजीविका प्रभावित होती है।
पूर्व ग्राम प्रधान रईस अहमद ने भी स्वास्थ्य उपकेंद्र के लिए चयनित भूमि का कड़ा विरोध जताया। उन्होंने बताया कि गाटा संख्या 244 पर दशकों से नियमित बाजार लगता है, जिसमें दर्जनों गांवों के लोग अपनी जरूरत का सामान खरीदते हैं और सैकड़ों परिवारों की रोजी-रोटी इसी बाजार पर निर्भर है। उनका कहना है कि प्रशासनिक अधिकारियों की यह कार्रवाई हठधर्मी है और सीधे तौर पर लोगों की जीविका छीनने का प्रयास है। ग्रामीणों ने मांग की है कि प्रशासन किसी वैकल्पिक भूमि पर उपकेंद्र का निर्माण करे ताकि विकास कार्य और लोगों की आजीविका-दोनों सुरक्षित रह सकें।





